February 19, 2026

अभी और बढ़ेगी ठंड, लगातार पारा गिरने से ठिठुर रहा प्रदेश

कई स्थानों पर शून्य से नीचे चल रहा न्यूनतम तापमान

देश राज शर्मा, शिमला: हिमाचल प्रदेश सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड की चपेट में है। प्रदेश के छह क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया है। सुंदरनगर, भुंतर, कल्पा, रिकांगपिओ, सेऊबाग और समदो का न्यूनतम तापमान माइनस में चल रहा है। वहीं, नारकंडा, मनाली व मंडी का तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। तापमान में आई गिरावट से राजधानी शिमला के कोल्ड जोन में पेयजल पाइप जमने लगे हैं। सडक़ों पर गिरा पानी भी शीशा बनना शुरू हो गया है। लाहुल के ऊपरी इलाकों से निकलने वाली नदियों के किनारे भी जम गए हैं। झीलों पर बर्फ की मोटी परत चढ़ गई है। लाहुल-स्पीति की चंद्रताल, सूरजपाल और सिस्सू झील जम चुकी है। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 20 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान जताया है।

हालांकि, 16 दिसंबर को एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता का प्रभाव प्रदेश में देखने को मिल सकता है। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ बना हुआ है। मैदान इलाकों में सुबह-शाम धुंध पडऩे से ठंड बढ़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में और अधिक कमी दर्ज होने के आसार हैं। सुबह और शाम के समय मौसम में ठंडक बढ़ेगी। हालांकि दिन के समय धूप खिलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होगी। न्यूनतम तापमान की बात करें, तो समदो, -5.0, कल्पा 3.0, नारकंडा 0.5, रिकांगपिओ -0.3, भुंतर -0.7, सुंदरनगर -0.1, मंडी 0.1, मनाली 0.1, सेऊबाग -0.4, सोलन 2.0, कुफरी 2.6, शिमला 5.0, धर्मशाला 7.2, ऊना 2.8, नाहन 7.9, पालमपुर 3.5, कांगड़ा 4.6, डलहौजी 5.2, बरठीं में 1.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।

मुर्गी पालक रखें सावधानी

प्रदेश में ठंड बढऩे के कारण मुर्गी पालकों को खतरा मंडराने लगा है। ठंड बढऩे से मुर्गियों के बीमार पडऩे और मरने का खतरा पनप रहा है। ऐसे में मुर्गी पालकों को मुर्गी फार्म को गर्म रखने की सलाह दी गई है। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि ठंड का पारा अभी और अधिक गिरने जा रहा है। हालांकि अभी बारिश और बर्फबारी गिरने की कोई उम्मीद तो नहीं है, लेकिन पारा गिरने के कारण प्रदेश में भारी ठंड रहने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *