February 22, 2026

पैक्स को मजबूती प्रदान करना सरकार का अहम कदम : चेयरपर्सन

सहकारी बैंक परिसर में दो दिवसीय सहकारी कर्मचारी प्रशिक्षण शिविर आयोजित
झज्जर , लघु सचिवालय स्थित दी झज्जर केन्द्रीय सहकारी बैंक मुख्यालय परिसर में हरकोफैड के तत्वावधान में दो दिवसीय सहकारी कर्मचारी प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हो गया। बैंक की चेयरपर्सन नीलम अहलावत ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जिसकी अध्यक्षता हरकोफैड की निदेशक संतोष देशवाल ने की।
इस मौके पर मुख्य अतिथि नीलम अहलावत ने सहकारिता मंत्रालय की पैक्स को लेकर योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। जनहितैषी नीतियों को केंद्र व हरियाणा सरकार का अनूठा कदम बताते हुए कहा कि सरकार किसान को मजबूत करने के लिए अनेक कदम उठा रही है क्योंकि किसान मजबूत होगा तो जिला, प्रदेश व इसके साथ-साथ देश मजबूत होगा।
उन्होंने बताया कि मंत्रालय गठन के बाद पैक्सों का कम्प्यूटरीकरण किया जा रहा है। इससे काम आसान होगा, पारदर्शिता आएगी व प्रदेशभर की जानकारियों व नीतियों पर एक जैसा काम होगा। पैक्सों को कॉमन सर्विस सैन्टर, मल्टी सर्विस केन्द्र बनाया जा रहा है। इन सभी योजनाओं को कैसे शुरू किया जा सकता है इसके बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए हरकोफैड की निदेशक संतोष देशवाल ने बताया कि हरकोफैड द्वारा समय-समय पर सहकारी बंधुओं के उत्थान के लिए ऐसे प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाते हैं । जिससे जागरुकता आएं और किसानों तक भी सही जानकारी पहुंचे। इससे पहले हरकोफैड के सहायक सहकारी शिक्षा अधिकारी सत्यनारायण यादव नें मुख्य अतिथि व प्रशिक्षण की अध्यक्ष का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया और प्रशिक्षण कार्यक्रम में पधारें विभिन्न पैक्सों के कर्मचारियों का परिचय करवाया।
इस अवसर पर सहकारी बैंक के वाइस चेयरमैन राजबीर देशवाल, सेवानिवृत्त अधीक्षक सहकारिता विभाग मांगेराम बुल्यान, लेखाकार एस.एन. कौशिक एवं बैंक व पैक्स के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *