सब्जी विक्रेता कमलेश ने उत्तीर्ण की कॉलेज प्रवक्ता की परीक्षा
अजय कुमार, बंगाणा : बंगाणा बाजार में सब्जी की दुकान चलाने वाले कमलेश कुमार ने कॉलेज प्रवक्ता अर्थशास्त्र की परीक्षा पास की है। कमलेश कुमार अपने भाई के साथ पिछले 10 वर्षों से सब्जी की दुकान चला रहे थे व बांगणा कॉलेज से ही बीकॉम की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की है। इसके उपरांत एमकॉम की परीक्षा उन्होंने कॉरेस्पोंडेंस पास की है। कमलेश कुमार ने बताया कि वह
प्रतिदिन दुकान से वापस घर जाकर तीन से चार घंटे तक पढ़ाई करते थे व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते थे। कमलेश कुमार अपने भाई अनिल के साथ पिछले 10 सालों से बाजार में सब्जी की दुकान चल रहे थे। दसवीं व बारहवीं की परीक्षा उन्होंने बंगाणा स्कूल से प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की है। स्वजनों के अनुसार कमलेश कुमार पढ़ाई में छोटी कक्षाओं से ही होशियार थे। युवक की इस उपलब्धि पर पंचायत उपप्रधान अजय शर्मा, विजय शर्मा प्रधान, पूर्व प्रधान मनोज शर्मा सहित सभी पंचायत वासियों ने उन्हें बधाई दी है।
