सशक्त कौशल को बढ़ावा देना ही रोजगार मेले का उद्देश्य : एसडीएम
झज्जर, युवाओं के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिस रोजगार मेले जीवन का आधार बन रहे हैं, क्योंकि कंपनियां उनके पास आकर रोजगार के अवसर प्रदान कर रही हैं। युवाओं को कैरियर बनाने के लिए इन मेलों का बढचढ कर लाभ उठाना चाहिए। एसडीएम विशाल कुमार ने गांव गुढा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिस रोजगार मेले का शुभारंभ करते हुए कही। उन्होंने कहा कि उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह के मार्गदर्शन में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के मेले निरंतर आयोजित किए जा रहे है।
एसडीएम विशाल कुमार और भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डा राकेश कुमार ने दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। प्राचार्य जीतपाल ने मुख्य मेहमानों का संस्थान में पहुंचने पर स्वागत किया। रोजगार विभाग द्वारा आयोजित इस मेला में अनेक कंपनियों ने भाग लिया और युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए
एसडीएम ने कहा कि औद्योगिक प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा स्वयं का रोजगार भी कर सकते हैं। समय-समय पर विभिन्न कंपनियों के तरफ से भी रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। इस लिए युवाओं को प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार के लिए बेहतर अवसर मिलते हैं। दसवीं व बारहवीं कक्षा के बाद विद्यार्थी अपने क्षेत्र में ही औद्योगिक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। सशक्त कौशल को बढ़ावा देते हुए युवाओं का भविष्य बनाना ही सरकार का मुख्य उद्देश्य है। युवा वर्ग कंपनियों में रोजगार पाकर अपने ज्ञान को सही दिशा में लेकर जाएं। आज तकनीक हर रोज बदल रही है और युवाओं को अपडेट रहना चाहिए।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डा राकेश कुमार ने उपस्थित युवाओं का आहवान किया कि वे कौशल आधारित कोर्सों का प्रशिक्षण लेकर स्वरोजगार स्थापित कर सकते हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में प्रभावी रूप से कार्य कर रही है,सरकार की सोच है कि युवा वर्ग अपना रूचि अनुरूप प्रशिक्षण लेकर हुनरमंद बनें,इसके लिए सरकार द्वारा अनेक योजनाएं किय्रांवित की गई हैं। प्राचार्य ने बताया कि आईटीआई गुढ़ा प्रदेशभर के संस्थानों में अपना अहम स्थान रखती है।
इस मौके पर एचसीएस अधिकारी अंकित कुमार, रोजगार विभाग से डा नीलम, डा सुनीता फौगाट, मयंक सहित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
