February 23, 2026

मुख्यमंत्री ने फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की चौथी बैठक की अध्यक्षता की

फरीदाबाद, मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की चौथी बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में एफएमडीए के माध्यम से फरीदाबाद शहर के विकास को गति देने के लिए वर्ष 2023-24 के लिए कुल 878.23 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी गयी। मनोहर लाल ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट आने से फरीदाबाद व पलवल जिला में विकास की नयी संभावनाएं खुलीं हैं। ऐसे में जेवर के साथ लगते हरियाणा के फरीदाबाद व पलवल जिलों का सुनियोजित विकास हो इसके लिए यमुना क्षेत्र को कंट्रोल एरिया घोषित कर नया मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि केंद्र सरकार से अमृत 2 योजना के तहत 1494 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। इनमें से 370 करोड़ रुपये फरीदाबाद शहर को दिए जाएँगे। वहीं ईडीसी से मिले 560.8 करोड़ रूपये भी शहर के विकास पर खर्च होंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सरकार द्वारा एफएमडीए को शहर के सार्वजनिक परिवहन के लिए 50 नयी सीएनजी बसें दी जाएंगी। इसके अलावा 100 नयी ई-बसों का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सार्वजानिक परिवहन को मजबूत करने पर प्रदेश सरकार का फोकस है।
फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण की इस बैठक में केन्द्रीय ऊर्जा एवं भारी उद्योग राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता और स्थानीय विधायकों सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *