श्री कृष्ण का निष्काम भाव से कर्म करने का शाश्वत संदेश संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्त्रोत- डीसी
यमुनानगर, डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर जिलावासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने हमें निष्काम कर्म अर्थात् फल की इच्छा किए बिना कर्म करने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि मेरी कामना है कि यह त्यौहार सबके जीवन में हर्ष-उल्लास और नई उमंग लाए।
डीसी ने कहा कि यह पर्व भगवान श्री कृष्ण के जीवन-चरित के बारे में जानने और उनके संदेशों के प्रति स्वयं को समर्पित करने का अवसर है। यह त्योहार सभी के जीवन में सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि का संचार करे। श्रीमद् भगवद् गीता में भगवान श्री कृष्ण का निष्काम भाव से कर्म करने का शाश्वत संदेश संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणा स्त्रोत रहा है। उन्होंने कहा कि इस पावन पर्व के अवसर पर हम सभी को पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और सच्चाई के मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष जन्माष्टमी के दिन भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाता है। इस दिन मंदिरों को सजाया जाता है और भगवान श्री कृष्ण सहित अन्य देवी-देवताओं की लीलाओं पर आधारित झांकियां प्रदर्शित की जाती हैं।
