पीपीपी डाटा सत्यापन कार्य में तेजी लाएं अधिकारी : एडीसी
जिलाभर में पीपीपी में 25 से 40 आयु वर्ग के नागरिकों का चल रहा डाटा सत्यापन कार्य
आगामी सात सितंबर हर हाल में डाटा सत्यापन कार्य पूरा करने के निर्देश
झज्जर, जिलाभर में नागरिक संसाधन सूचना विभाग द्वारा परिवार पहचान पत्र में 25 से 40 आयु वर्ग के नागरिकों का डाटा सत्यापन के लिए सर्वे कार्य जारी है ,इसमें आम नागरिक सर्वे टीमों का सहयेाग करें,ताकि डाटा सत्यापन का कार्य निर्बाध रूप से पूरा किया जा सके। यह जानकारी एडीसी सलोनी शर्मा ने लघु सचिवालय सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए दी। इस बीच जिला रोजगार अधिकारी डा नीलम रानी ने डाटा सत्यापन को लेकर विस्तार से जानकारी सांझा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को डाटा सत्यापन कार्य आगामी सात सितबंर तक पूरा करने के निर्देश दिए।
एडीसी ने बताया कि परिवार पहचान पत्र एक जरूरी दस्तावेज है,जिसके माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचरहा है। उन्होंने कहा कि नागरिक संसाधन सूचना विभाग (क्रीड) विभाग द्वारा जिलाभर में उक्त आयु वर्ग के नागरिकों का डाटा सत्यापन का कार्य किया जा रहा है,जिसके लिए एसओपी का पालन करना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए रोजगार विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है,जबकि पशुपालन एवं डेयरिंग,आईटीआई और कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इस कार्य के लिए नियुक्त कर्मचारी 25 से 40 आयु वर्ग के नागरिकों के स्टेटस,जन्म तिथि,व्यवसाय,वैवाहिक स्थिति,शैक्षणिक योग्यता,कौशल और सिंगल फैमिली मेंबर संबंधी डाटा सत्यापन कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डाटा सत्यापन में लगे कर्मचारी का स्थानांतरण या सेवानिवृत हो चुका है,तो उसके स्थान पर दूसरे कर्मचारी को नियुक्त किया जाए,ताकि कार्य सुचारू रूप से चल सके। उन्होंने इस दौरान जाति प्रमाण पत्र और दिव्यांग प्रमाण पत्रों बनाने और बुढ़ापा पेंशन के लिए जन्म तिथि सत्यापन संबंधी कार्य की समीक्षा की।
एडीसी सलोनी शर्मा ने कहा कि डाटा सत्यापन कार्य में लगे कर्मचारियों को छह कॉलम को अवश्य चैक करना है,अगर किसी प्रकार की कोई नेटवर्क संबंधी या कोई समस्या आती है,तो रोजगार विभाग के अधिकारियों और क्रीड के जोनल मैनेजरों से संपर्क किया जाए। साथ ही इस कार्य के लिए जिला स्तर पर गठित अधिकारियों की कमेटी द्वारा नियमित रूप से मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने सत्यापन कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों से निष्ठा एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डा मनीष डबास,डीईईओ सुभाष भारद्वाज,तहसीलदार झज्जर,एसएमओ डा विकास,एएफएसओ कुसुम रानी,क्रीड के जिला प्रबंधक योगेश कुमार,एईओ सुनीता रानी के अलावा कृषि एवं किसान कल्याण,आईटीआई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
