विमुक्त एवं घुमंतु जातियों को सरकार की योजनाओं का मिले त्वरित लाभ : स्वेता शर्मा
मातनहेल में आयोजित दो दिवसीय शिविर में तीन सौ से ज्यादा पात्र लोगों ने उठाया योजनाओं का लाभ
झज्जर, विमुक्त एवं घुमंतु जातियों को सरकारी योजनाओं का लाभ देने के साथ -साथ अन्य श्रेणियों के नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से मातनहेल में दूसरे दिन भी शिविर का आयोजन किया गया,जिसमें लगभग तीन सौ लोगों ने सरकार की योजनाओं का लाभ उठाया।अपने मूलभूत दस्तावेज जैसे राशन कार्ड,परिवार पहचान पत्र,पेंशन ,वोट कार्ड, आधार कार्ड,आदि बनवाए और सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली।
जिला कल्याण अधिकारी स्वेता शर्मा ने बताया कि डीसी कैप्टन शक्ति सिंह के मार्गदर्शन और एडीसी सलोनी शर्मा के दिशा-निर्देशों मेंं कैंप घुमंतू विकास बोर्ड और हरियाणा सरकार मिलकर आयोजित कर रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खडे व्यक्ति तक सरकारी सुविधाओं को बिना विलंब के पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि हरियाणा उदय कार्यक्रमों की श्रृंखला में डीसी कैप्टन शक्ति सिंह के मार्गदर्शन में विमुक्त, टपरीवास, घुमन्तु अर्ध घुमन्तु जाति के नागरिकों के साथ- साथ सभी श्रेणी के लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविरों में विमुक्त, टपरीवास, घुमन्तु, अर्ध घुमन्तु जाति के साथ साथ सभी श्रेणियों के लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिविर में आए नागरिकों को संबंधित विभागों द्वारा पहचान पत्र,आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, रिहायशी प्रमाण पत्र बनवाने के साथ योजनाओं की जानकारी प्रदान की जा रही है । उन्होंने बताया कि कैंप आयोजित करने के पीछे सरकार का मुख्य मकसद यही है कि विमुक्त, टपरीवास, घुमन्तु अर्ध घुमन्तु जाति के नागरिकों के प्रमाण पत्र संबंधित खंडों में बनाए जाएं,ताकि पात्रों को सरकार की योजनाओं का निर्बाध रूप से लाभ मिल सके।
जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि शिविर में तीन सौ से ज्यादा लोगों ने पहुंचकर विभागीय योजनाओं की जानकारी ली,जिसमें से 113 नागरिकों ने परिवार पहचान पत्र बनवाने और डाटा सत्यापन कराया,वहीं 35 नागरिकों ने आधार कार्ड,25 व्यक्तियों ने वोट कार्ड,14 नागरिकों ने पेंशन संबंधी कार्य तथा आठ व्यक्तियों के राशन कार्ड बनाए गए । इसी शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 17 नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच करते हुए उपचार किया गया।
इस मौके पर बीडीपीओ राजाराम, विमुक्त घुमंतू जाति विकास बोर्ड की सदस्या सुनीता चौहान, जयभगवान, प्रीतम, धर्मबीर सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
