बलिदानियों की देशभक्ति से प्रेरणा हासिल करे युवा पीढ़ी: सांसद डॉ अरविंद शर्मा
सुशासन से सेवा’ के संकल्प के साथ जनसेवा का दायित्व निभा रही सरकार : बोले सांसद
बहादुरगढ़ स्थित डॉ भीमराव अंबेडकर स्टेडियम परिसर में 77वां स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजितl
सांसद डॉ अरविंद शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण कर परेड की ली सलामी
शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को दी श्रद्धांजलि।
युद्ध वीरांगनाओं व उल्लेखनीय कार्य करने वालों को किया सम्मानित।
बहादुरगढ़,15 अगस्त। शहर के डॉ भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में मंगलवार को 77वां स्वतंत्रता दिवस समारोह को धूमधाम से मनाया गया । स्वतंत्रता दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सांसद डॉ अरविंद शर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
मुख्य अतिथि सांसद डॉ अरविंद शर्मा ने आजादी की बलिवेदी पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी ज्ञात अज्ञात शहीदों को नमन करते हुए कहा कि बलिदानियों की देशभक्ति से युवा पीढ़ी प्रेरणा हासिल करें। मेरी माटी मेरा देश अभियान में वीरों के नाम पूरे देश के गांव के गौरव पट्ट पर अंकित किए जा रहे हैं और इस साल को हम अंत्योदय आरोग्य वर्ष के रूप में मना रहे हैं।
उन्होंने आजादी की 76वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर बहादुरगढ़ वासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कहा कि आज के इस शुभ दिन के लिए मां भारती के न जाने कितने ही सपूतों ने अपना सब कुछ बलिदान कर दिया। इसी दिन के लिए असंख्य देशभक्तों ने कष्ट झेले और यातनाएं सही,तब जाकर हमें आजादी मिली।
हम पिछले दो साल से ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मना रहे थे। इस महोत्सव के समापन पर के साथ ही देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने ‘मेरी माटी-मेरा देश’ अभियान शुरू किया है। 9 अगस्त को ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ की वर्षगांठ पर शुरू किए गए, इस अभियान में देश के हर गांव व हर शहर की मिट्टी इक्कठी की जा रही है।
सांसद ने कहा कि ‘सुशासन से सेवा’ के संकल्प के साथ जनसेवा का दायित्व संभालने वाली वर्तमान प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘सबका साथ-सबका विकास’ और ‘हरियाणा एक-हरियाणवी एक’ के मूलमंत्र पर चलते पूरे हरियाणा और हरेक हरियाणवी की तरक्की और उत्थान के लिए काम किया है।
उन्होंने कहा कि उद्योग हमारी अर्थव्यवस्था का मूल आधार हैं। सरकार ने बहादुरगढ़ जैसे शहर के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए ईज आफ डूइंग बिजनेस का एक इको-सिस्टम तैयार किया है।
यही कारण है कि आज हरियाणा देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बन गया है।
उन्होंने कहा कि पिछले नौ साल में हरियाणा सद्भाव, सौहार्द, समान विकास, समरसता के साथ-साथ उन बदलावों का साक्षी रहा हैं, जिनसे हर आदमी का जीवन सरल, सुगम और सुरक्षित हुआ है।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के दर्शन के अनुरूप प्रदेश के सभी परिवारों का पहचान पत्र बनाया, जिससे पात्र परिवारों की पहचान कर योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
गरीबों के सिर पर छत उपलब्ध करवाने के लिए ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ के तहत 36 हजार मकान बनाए गए हैं, जबकि 16 हजार मकान बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने कृषि, उद्योग, व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि हर क्षेत्र में भी ई-गवर्नेंस के माध्यम से क्रांतिकारी बदलाव किए हैं। जिस प्रकार, परिवार पहचान पत्र के डेटा से विभिन्न योजनाओं का लाभ लोगों को घर बैठे ही मिल रहा है।
मुख्य अतिथि डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्राकृतिक आपदा में व्यापारियों के जान व माल के नुकसान की भरपाई के लिए ‘मुख्यमंत्री व्यापारी क्षतिपूर्ति बीमा योजना’ और ‘मुख्यमंत्री व्यापारी सामूहिक निजी दुर्घटना बीमा योजना’ शुरू की हैं। ’प्रधानमंत्री लघु व्यापारी मानधन योजना‘ के तहत खुदरा विक्रेताओं और दुकानदारों के लिए मासिक पेंशन सुनिश्चित की गई है।
सांसद ने कहा कि आज खेल जगत में हरियाणा का बडा नाम है। हमारे युवा बड़ी उपलब्धियां प्राप्त कर देश-प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। इतना ही नहीं मैडल जीतने वाले खिलाडिय़ों को नकद पुरस्कार देने के साथ-साथ सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। अवार्ड पाने वाले खिलाडिय़ों को मासिक मानदेय भी दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि सरकार पिछले पौने 9 सालों से जातिवाद, क्षेत्रवाद और भाई-भतीजावाद से ऊपर उठकर एक समान विकास को बढ़ावा दे रही है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न शिक्षण संस्थानों की टीमों ने देशभक्ति, अमृत महोत्सव, योग व भारतीय संस्कृति के विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित करने वाली प्रस्तुति दी। सांसद डॉ अरविंद शर्मा ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए विजेता टीमों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में यह गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
इस अवसर पर नगरपरिषद की चेयरमैन सरोज राठी, उप चेयरमैन पाले राम शर्मा,सासंद की धर्मपत्नी डॉ रीटा शर्मा,पूर्व विधायक नरेश कौशिक,अशोक गुप्ता,एसडीएम अनिल कुमार,तहसीलदार नरेंद्र दलाल,बीडीपीओ उमेद सिंह,नायब तहसीलदार अरविंद कुमार,बीइओ मुन्नी देवी,धर्मवीर वर्मा,राजपाल शर्मा,पार्षद अशोक शर्मा,जसबीर सैनी,दिनेश कौशिक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और अधिकारी उपस्थित थे।
