February 24, 2026

घनारी तहसील कार्यालय से महज़ पचास मीटर की दूरी पर चोरी

भारतीय स्टेट बैंक के कस्टमर सर्विस प्वाइंट में चोरों ने की लूटपाट
ऊना/सुखविंदर /-
घनारी तहसील कार्यालय से महज़ पचास मीटर की दूरी पर शुक्रवार देर रात चोरों ने भारतीय स्टेट बैंक के कस्टमर सर्विस प्वाइंट का ताला तोड़कर वहां से बीस हजार रुपए नगद व एक लैपटॉप चुरा लिया। साथ ही इस कस्टमर सर्विस प्वाइंट के बगल वाली दुकान का भी ताला तोड़ने की असफल कोशिश की। कस्टमर सर्विस प्वाइंट की प्रोपराइटर रीना कुमारी ने बताया कि रोजमर्रा की भांति उनके पति रात को दुकान बन्द करके घर आ गए, उन्हें सुबह करीब छः बजे पड़ोसी दुकानदार पुनित का फोन आया कि आपकी दुकान का शटर खुला है और ताला टूटा हुआ है। आनन फानन में उनके पति दुकान पर पहुंचे और पाया कि रात को चोर उनकी दुकान का ताला तोड़कर दुकान के अन्दर पड़ा एक लैपटॉप तथा गल्ले में रखी बीस हजार की नगदी ले गए हैं, जिसकी सूचना उन्होंने तुरन्त पुलिस थाना गगरेट में दी।पुलिस अधिकारी मौके पर आए और छानबीन की तथा यहां लगे कैमरे की सी सी टीवी फुटेज को भी खंगाला। लेकिन अंधेरा होने के वज़ह से कोई भी सुराग हाथ नहीं लगा। स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब एक माह पूर्व चोरों ने मदन लाल नंबरदार की दुकान के ताले तोड़ने की असफल कोशिश की थी। बीती रात कस्टमर सर्विस प्वाइंट के बगल की दुकान का भी ताला तोड़ने की असफल कोशिश की।
डी एस पी डा. वसुधा सूद ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि गगरेट पुलिस ने उक्त मामले में एफ आई आर दर्ज़ कर छानबीन शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *