नितिन गडकरी ने कुल्लू मनाली में देखा तबाही का मंजर
तबाही के कारणों का पता लगाने के लिए टेक्निकल टीम गठित
शि.प., हिमाचल प्रदेश में पिछले दिनों भारी बारिश के कारण हुई तबाही व ब्यास नदी के कारण आए भारी जल प्रलय से हुए नुकसान का आज केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कुल्लू मनाली में हवाई सर्वेक्षण करने के उपरांत कहा कि जितनी तबाही वे समझ रहे थे उससे कहीं अधिक नुकसान यहां हुआ है। उन्होंने तबाही के कारणों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों की एक टीम गठित कर दी ताकि भविष्य में इस तरह की तबाही से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि व्यास नदी के आसपास जो तबाही हुई है उसका वे अनुमान नहीं लगा सके थे क्योंकि हकीकत में नुकसान बहुत ही अधिक हुआ है। नितिन गडकरी ने कहा कि कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद वे मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू को दिल्ली बुलाकर जो भी संभव हुआ मदद करेंगे। नितिन गडकरी ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हिमाचल में आई इस आपदा को लेकर गंभीर है व भविष्य में ऐसा न हो इसके लिए उचित रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को एक टेक्निकल कमेटी बनाने का सुझाव दिया जो नदी में सिल्ट और पत्थर से ऊपर चल रहे जल स्तर को कम करने का सुझाव देगी ताकि नदी को गहरा कर इसके पानी को इधर उधर जाने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ मनाली हाईवे का निरीक्षण उन्होंने किया है व वहां दो-तीन महीने में काम पूरा हो जाएगा। इस सड़क का उद्घाटन वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करवाएंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल में नेशनल हाईवे व अन्य पुलों का जो नुकसान हुआ है उसे शीघ्र ठीक किया जाएगा व उसका खर्चा नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया करेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री के आग्रह पर सड़क मार्गो की मरम्मत के लिए दिल्ली जाते ही 80 करोड रुपए जारी करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा उन्होंने सेतु भारत योजना के तहत 350 करोड देने की भी घोषणा की। इस दौरे के दौरान नितिन गडकरी ने हमीरपुर जिले में रंगस में 50 करोड़ से बनने वाली 15 किलोमीटर लंबी सड़क और चंबा में 53 करोड की शाहपुर से चौरी सड़कों की भी मंजूरी दी। नितिन गडकरी ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों को प्रदेश की सड़कें शीघ्र बहाल करने के निर्देश भी दिए। केंद्रीय मंत्री के इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी उनके साथ रहे।
