July 21, 2026

सिक्किम की निर्माणाधीन टनल पर लैंडस्लाइड, मलबे में दबे 27 मजदूर, 7 की मौत

अंदर घुसे रेस्क्यू वर्कर भी होने लगे बेहोश

नामची, सिक्किम में सोमवार को नामची जिले के मामरिंग स्थित समरदुंग में निर्माणाधीन सुरंग के एंट्री गेट पर अचानक भयानक लैंडस्लाइड हो गया, जिससे अंदर काम कर रहे करीब 27 मजदूर बुरी तरह फंस गए। इस खौफनाक हादसे में अब तक 7 मजदूरों की जान जा चुकी है और उनके शवों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 20 मजदूर अब भी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। भारी लैंडस्लाइड के कारण टनल का मुहाना पूरी तरह से बंद हो गया है, जिससे अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।

इस हादसे में सबसे बड़ी और जानलेवा अड़चन सुरंग के अंदर मीथेन गैस का रिसाव है। गैस के लीक होने की आशंका के चलते राहत और बचाव कार्य बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। हालात इतने गंभीर हैं कि जब बचावकर्मी मजदूरों को निकालने के लिए अंदर घुसे, तो गैस के प्रभाव से उन्हें चक्कर आने लगे और कुछ तो बेहोश तक हो गए। जिला कलेक्टर अनुपा तामलिंग ने बताया कि सुरंग में फंसे मजदूरों की संख्या 27 के आसपास है, लेकिन यह आंकड़ा थोड़ा कम या ज्यादा भी हो सकता है। संकरी जगह, खराब रोशनी और जहरीली गैस के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में हर कदम पर चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, प्रशासन को सोमवार दोपहर करीब 3:40 बजे इस खौफनाक हादसे की सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जिला पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया। स्थिति की गंभीरता और जहरीली गैस के खतरे को देखते हुए पश्चिम बंगाल से गैस-रोधी उपकरणों से लैस एक विशेष रेस्क्यू टीम को भी तत्काल प्रभाव से बुलाया गया है। यह सुरंग तीस्ता स्टेज-6 हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट के तहत पटेल इंजीनियरिंग कंपनी द्वारा बनाई जा रही है। अंदर फंसे लोगों में पटेल इंजीनियरिंग के 21 और एनएचपीसी के 6 मजदूर शामिल होने की आशंका है। फिलहाल प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता बाकी बचे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना है और इसके लिए गैस मास्क पहने बचाव दल लगातार कोशिश कर रहे हैं, वहीं बाहर एंबुलेंस को पूरी तरह से अलर्ट मोड पर रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *