April 24, 2026

19 वर्षीय युवती ने मां का सिर काट की हत्या

फिर कटी गर्दन के साथ पूरी रात छिपी रही

नई दिल्ली, असम के पश्चिमी कार्बी आंगलोंग जिले से एक सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 19 वर्षीय युवती पर अपनी ही मां की हत्या का आरोप है। घटना डेरामुख लालुंग गांव की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके में दहशत और हैरानी का माहौल पैदा कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी युवती ने बुधवार रात करीब 10 बजे घर के भीतर ही अपनी 42 वर्षीय मां पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के दौरान उसने अपने पिता और बहन पर भी हमला किया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

वारदात के बाद फरार, सुबह हुई गिरफ्तारी
घटना के बाद युवती मौके से फरार हो गई और कई घंटों तक पुलिस की पकड़ से बाहर रही। गुरुवार सुबह पुलिस ने उसे तलाश कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद उसका व्यवहार असामान्य था, जिससे मामले ने और भी गंभीर रूप ले लिया है।

पुलिस को घटनास्थल के आसपास से कुछ ऐसे सामान मिले हैं, जिनमें धारदार औजार और पूजा-पाठ से जुड़ी वस्तुएं शामिल हैं। हालांकि अधिकारियों ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है, लेकिन शुरुआती जांच में इस घटना के पीछे अंधविश्वास या जादू-टोने की आशंका जताई जा रही है।

इलाके में दहशत, पुलिस कर रही गहन जांच
इस जघन्य वारदात के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।

फिलहाल बैथालांगसो पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि परिवार में किसी भी तरह के घरेलू झगड़े की बात सामने नहीं आई है। अब पुलिस इस एंगल पर जांच कर रही है कि क्या युवती किसी तांत्रिक क्रिया में शामिल थी या मानसिक रूप से बीमार थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *