यूट्यूबर मनीष कश्यप को नितिन गडकरी के खिलाफ भ्रामक जानकारी फैलाना पड़ा भारी
4 इन्फ्लुएंसर पर एफआईआर दर्ज
नई दिल्ली, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, टोयोटा और इथेनॉल को लेकर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रामक और तथ्यहीन जानकारी फैलाना कुछ चर्चित चेहरों को भारी पड़ गया है। नागपुर शहर की साइबर पुलिस ने इस मामले में सख्त कदम उठाते हुए मशहूर यूट्यूबर मनीष कश्यप समेत चार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इन सभी पर अपनी पोस्ट और वीडियो के जरिए सरकार की छवि खराब करने और आम जनता के बीच भ्रम फैलाने का गंभीर आरोप लगा है।
यह पूरी कार्रवाई नागपुर शहर के बीजेपी सोशल मीडिया सेल के अध्यक्ष शिशिर त्रिपाठी की शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायत मिलने के बाद नागपुर शहर साइबर पुलिस थाने में यूट्यूबर मनीष कश्यप, इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर देसी बॉयज, हर्षित राठी और अंकलेश इनवाते के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर में इन चारों के यूट्यूब और इंस्टाग्राम खातों के लिंक और उन आपत्तिजनक वीडियो का भी विशेष रूप से जिक्र किया गया है, जिनमें इथेनॉल से जुड़े दावों को बिना किसी ठोस प्रमाण के प्रस्तुत किया गया और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बारे में भ्रामक बातें कही गईं।
नागपुर साइबर पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352, 356 और 296 के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू कर दी है और सोशल मीडिया पर इन इन्फ्लुएंसर्स द्वारा साझा की गई सामग्री की सत्यता और उसके प्रभाव का बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है। जांच आगे बढ़ने पर इन सभी की मुश्किलें और भी ज्यादा बढ़ सकती हैं।
