एक जनवरी 2024 तक 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवा अवश्य बनवाएं अपनी वोट
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने पात्र युवाओं से किया आह्वान
झज्जर, डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी 2 और तीन दिसंबर को विशेष अभियान के अंतर्गत जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन दिनों बीएलओ मतदान केंद्रों पर बैठकर मतदाता सूचियों में पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में जोडऩे व मृतक एवं स्थाई तौर पर स्थानांतरित मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से हटाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने बताया कि दो और तीन दिसंबर को विशेष अभियान के तहत सभी बीएलओ अपने मतदान केन्द्रों पर उपस्थित रहेंगे। इसके पश्चात 5 जनवरी 2024 तक मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने युवाओं का आह्वान कि एक जनवरी 2024 को 18 साल की उम्र पूरी करने वाले सभी युवा अपनी वोट अवश्य बनवाएं, ताकि हम मिलकर एक मजबूत लोकतंत्र का निर्माण करने में अपनी भूमिका अदा कर सके।
दूसरी ओर निर्वाचन तहसीलदार सुनील डांगी ने बताया कि कोई भी व्यक्ति जिसकी आयु एक जनवरी 2024 को 18 वर्ष या इससे अधिक होगी वह फार्म नंबर 6 भरकर संबंधित बीएलओ या जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा करवा सकता है। इसे अलावा एनआरआई मतदाता वोट बनवाने के लिए फार्म नंबर 6ए, आधार से वोट कार्ड को लिंक करने के लिए फार्म 6बी, किसी मृतक मतदाता अथवा स्थाई तौर पर स्थानांतरित मतदाता द्वारा वोट कटवाने हेतु फार्म नंबर 7 तथा मतदाता पहचान पत्र में किसी प्रकार की शुद्धि हेतु फार्म नंबर 8 भर कर जमा करवा सकते हैं। ये सभी कार्य ऑनलाइन भी किए जा सकते हैं। इसके लिए voters.eci.gov.in पोर्टल या वोटर हेल्पलाइन मोबाइल एप का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
