February 20, 2026

जिला मे वोट बनवाने के लिए आगे आ रहे युवा 🙋

22 जनवरी को हुए अंतिम प्रकाशन के बाद 8891 युवाओं ने बनवाया वोट: सलोनी शर्मा

झज्जर, एडीसी एवं स्वीप कार्यक्रम की नोडल अधिकारी सलोनी शर्मा ने स्वीप कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में जानकारी देते हुए कहा कि युवाओं में अपना वोट बनवाने के लिए उत्साह का माहौल है। केवल युवाओं को प्रेरित करने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि 22 जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन हुआ था। भारत निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार और डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह के मार्गदर्शन में ज्यादा से ज्यादा पात्र युवाओं का वोट बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया हुआ है। ऐसे युवा जिनकी आयु एक अप्रैल को 18 वर्ष की हो चुकी है, ऐसे युवा अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने के पात्र हैं। एडीसी ने बताया कि स्वीप कार्यक्रम के अच्छे परिणाम आ रहे हैं और जिलाभर में अंतिम प्रकाशन के बाद अभी आठ हजार 891 पात्र युवाओं ने अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवाया है। उन्होंने कहा कि 26 अप्रैल तक जो भी युवा या व्यक्ति अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवा लेगा वह 25 मई को लोकसभा के लिए होने वाले मतदान में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकता है। उन्होंने बताया कि जिले में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 जनवरी को हुआ था, 23 जनवरी से आज तक 8891 युवाओं ने वोट बनवाने के लिए आवेदन किया है ,जिनमें से 4556 पुरुष हैं व 4335 महिलाएं हैं। आंकड़ों से स्पष्ट है कि महिलाएं भी वोट बनवाने के प्रति जागरूक हैं। एडीसी ने बताया कि जागरूकता अभियान को शिक्षण संस्थानों के छात्रों के अलावा अन्य वर्गों के लोगों का भी काफी समर्थन मिल रहा है। शिक्षण संस्थानों व निजी प्रतिष्ठान जागरूकता अभियान में सहभागी बनने के लिए स्वयं आगे आ रहे हैं जो बेहद सकारात्मक है। निजी व सरकारी प्रतिष्ठानों में मतदाता शपथ कार्यक्रम, जागरूकता रैली, पेंटिंग व स्लोगन प्रतियोगिता आदि का आयोजन करवाया जा रहा है। उन्होंने बैठक में मौजूद एसडीएम एंव एआरओ को निर्देश देते हुए कहा कि हर प्रकार के कार्यक्रमों में स्वीप कार्यक्रम के बारे में जरूर जागरूक करें। बैठक में एसडीएम झज्जर रविंद्र यादव, एसडीएम बहादुरगढ़ परमजीत चहल, एसडीएम बेरी रविंद्र मलिक सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *