प्रदेश में पारदर्शी तरीके से युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल रही हैं
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज, करनाल के सभागार में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में शिरकत की। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष द्वीप प्रज्जवलित करके कार्यक्रम का विधिवत रूप से शुभारंभ किया।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में पारदर्शी तरीके से युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल रही हैं और प्रदेश में एक ऐसा वातावरण तैयार हुआ है जिसमें गरीब के बच्चे भी अब एचसीएस ऑफिसर व पुलिस विभाग में इंसपेक्टर के पदों पर नियुक्त हो रहे हैं।
प्रदेश में बदले इस वातावरण से युवाओं में एक आस जगी है कि अब उन्हें मेहनत के बल पर सरकारी नौकरी मिल सकती है, जिसके लिए वे कड़ी मेहनत के साथ-साथ कोचिंग सेंटरों में भी ट्रेनिंग ले रहे हैं और यह विश्वास जगा है कि अब लाइन में खड़े अंतिम व्यक्ति को भी जीवन में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
