जमीन विवाद में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, दूसरा भाई घायल
तरनतारन: जिला तरनतारन के चंबा कला मंड इलाके में जमीन विवाद के चलते एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायलों को तरनतारन के गुरु नानक देव सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मीडिया से बात करते हुए परिजनों और गांव के मौजूदा सरपंच सविंदर सिंह ने बताया कि पिछले कुछ समय से उनका गांव के कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते दोनों भाइयों पर दोबारा गोलियों से हमला किया गया। हमले में समसेर सिंह शेरा (24) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा भाई दविंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज और तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसमें आरोपियों को गोली मारते हुए देखा जा सकता है। थाना चोहला साहिब पुलिस ने एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है।
इस संबंध में थाना चोहला साहिब के प्रमुख सब इंस्पेक्टर राज कुमार ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। परिजनों का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, वे मृतक का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
