गूगल मैप्स पर चल रहा नया स्कैम, आप भी जान लें, नहीं तो हो सकते है कंगाल
नई दिल्ली – देश में साइबर क्राइम के मामले बढ़ते जा रहे है। हर दिन लोग ठगी का शिकार हो रहे है। वहीं इन दिनों गूगल मैप्स के द्वारा भी स्कैम किया जा रहा है।
ताजा मामला ग्रेटर नोएडा से सामने आया है, जहां के निवासी संदीप कुमार वर्क-फ्रॉम-होम स्कैम का शिकार हो गए हैं, उन्हें गूगल मैप्स पर होटलों की रेटिंग का काम दिया गया था। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार कुमार ने जनवरी 2024 में 20.54 लाख रुपये गंवा दिए। रिपोर्ट में पता चला है कि कुमार को एक वॉट्सऐप मैसेज मिला, जिसमें वर्क फ्रॉम होम का विकल्प दिया गया है। इसके लिए गूगल मैप्स पर होटलों की रेटिंग करना था। इस प्रस्ताव से आकर्षित होकर कुमार 100 सदस्यों वाले टेलीग्राम समूह में शामिल हो गए, जहां उन्होंने रेटिंग कार्य पूरे करना शुरू कर दिया। हालांकि, जल्द ही इस काम में पैसे निवेश करने का कहा गया। कुमार ने शुरू में 50,000 रुपये का निवेश किया, लेकिन पैसे निकालने में असमर्थ रहे। जब उन्होंने अपना पैसा वापस लेने का प्रयास किया, तो उन्हें टैक्स के रूप में एक्स्ट्रा 5 लाख रुपये का भुगतान करने का निर्देश दिया गया। जिसमें फंसकर उन्होंने कुल 20,54,464 रुपये का निवेश किया। कुमार को तब अहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है, जब उनसे उनके खातों को ‘डीफ्रीज’ करने के लिए फिर से ज़्यादा पैसे मांगे गए। जिसके बाद उन्होंने नोएडा सेक्टर 36 में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में एक एफआईआर दर्ज करवाई।
इस लिए इन मामलों से आप सबकों संभल कर रहने की जरूरत है नहीं तो आप भी इस घटना का शिकार हो सकते है। ऑनलाइन व्यक्तिगत डेटा मांगने वाले ईमेल या संदेशों से बचे। पेमेंट करते समय अधिक सावधान रहें और किसी भी प्रकार के झांसे में न फंसे। अपना ओटीपी किसी के साथ भी शेयर न करें। इसके साथ आन लाइन नौकरी को लेकर भी सोच समझ कर व अच्छी तरह से परख कर कदम उठाए।
