December 22, 2025

तुर्की-चीन के सरकारी चैनलों के ‘एक्स’ अकाउंट ब्लॉक

पाकिस्तान के मददगार मीडिया आउटलेट्स पर भारत का शिकंजा

नई दिल्ली: पाकिस्तान के मददगारों के खिलाफ भारत सरकार ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। चीन के सरकारी भोंपू माने जाने वाले ग्लोबल टाइम्स और शिन्हुआ न्यूज के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर प्रतिबंध के बाद, अब तुर्की के सरकारी ब्रॉडकास्टर टीआरटी वर्ल्ड के एक्स (पहले ट्विटर) अकाउंट को भी भारत में बंद कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद से टीआरटी वर्ल्ड लगातार भारत के खिलाफ दुष्प्रचार और भ्रामक खबरें फैला रहा था।

तुर्की और चीन के इन ब्रॉडकास्टर्स पर भारत विरोधी एजेंडा चलाने का आरोप है। ये लगातार भारत के खिलाफ फर्जी खबरें और गलत जानकारियां प्रसारित कर रहे थे। इसके अलावा, तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यर एर्दोगन ने भी परोक्ष रूप से पाकिस्तान का समर्थन करते हुए भारत को चेतावनी देने की कोशिश की थी। इन हरकतों के बाद भारत ने यह कदम उठाते हुए तुर्की के प्रमुख ब्रॉडकास्टर के सोशल मीडिया अकाउंट को प्रतिबंधित कर दिया है।

गौरतलब है कि भारत में पहले से ही पाकिस्तान की खुलकर मदद करने के कारण तुर्की के बहिष्कार का अभियान जोर पकड़ रहा है। भारतीय नागरिकों ने तुर्की और अजरबैजान की यात्राओं का बहिष्कार करना शुरू कर दिया है। कई टूरिस्ट कंपनियों ने भी राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए तुर्की और अजरबैजान के लिए की गई बुकिंग रद्द करनी शुरू कर दी हैं। आपको बता दें कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद, जब भारत द्वारा कड़ी कार्रवाई की आशंका जताई जाने लगी थी, तभी से तुर्की ने पाकिस्तान की मदद करना शुरू कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *