December 22, 2025

विश्व बैंक का हरियाणा के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का फैसला

अगले 5 साल में पिछले 50 साल के बराबर देगा फंडिंग

चंडीगढ़ : विश्व बैंक ने हरियाणा के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का फैसला किया है। विश्व बैंक के भारत निदेशक ऑगस्टे तानो कौमे ने शुक्रवार को घोषणा की कि अगले पांच वर्षों में हरियाणा को पिछले 50 वर्षों में मिले वित्तपोषण के बराबर धनराशि प्रदान की जाएगी।

कौमे ने राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और सरकारी प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान यह जानकारी दी। बैठक में शिक्षा, वायु प्रदूषण नियंत्रण और परिवहन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर चर्चा हुई। विश्व बैंक की टीम ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ भी एक अलग बैठक की।

कौमे ने कहा, हरियाणा में, हमारा जुड़ाव काफी पुराना है। 1971 से हम हरियाणा को वित्तपोषण देते रहे हैं। हमने बिजली, ऊर्जा, पानी जैसे क्षेत्रों का समर्थन किया है। उन्होंने आगे कहा, हमने पिछले 50 वर्षों में हरियाणा को एक अरब डॉलर का वित्तपोषण दिया है। अगले पांच वर्षों में हम उतना ही देंगे।

कौमे ने इस बात पर उत्साह व्यक्त किया कि विश्व बैंक 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में हरियाणा की भूमिका को मजबूत करने में मदद कर सकता है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक बयान में कहा कि राज्य जल्द ही विश्व बैंक की सहायता से एक वैश्विक कृत्रिम मेधा (एआई) केंद्र स्थापित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *