बांग्लादेश में नहीं होगा महिला टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन
वर्ल्ड कप को 3 से 20 अक्टूबर तक दुबई और शारजाह में आयोजित किया जाएगा
नई दिल्ली : आईसीसी ने बांग्लादेश में व्याप्त अशांति के कारण महिला टी20 वर्ल्ड कप को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में स्थानांतरित करने का फैसला किया है। वर्ल्ड कप को 3 से 20 अक्टूबर तक दुबई और शारजाह में आयोजित किया जाएगा। इसकी मेजबानी का अधिकार बांग्लादेश के पास ही रहेगा जिससे यह सुनिश्चित होगा कि वह राजस्व का अपना हिस्सा प्राप्त कर सके।
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी ज्योफ एलार्डिस ने एक बयान में कहा, ‘बांग्लादेश में महिला टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी ना करना शर्म की बात है, क्योंकि हम जानते हैं कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड एक यादगार आयोजन कर सकता था। मैं बीसीबी की टीम को बांग्लादेश में इस आयोजन की मेजबानी के लिए सभी रास्ते तलाशने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं, लेकिन भाग लेने वाली कई टीमों की सरकारों की यात्रा संबंधी सलाह के कारण यह संभव नहीं था, हालांकि वे मेजबानी के अधिकार बरकरार रखेंगे। हम निकट भविष्य में बांग्लादेश में आईसीसी वैश्विक आयोजन करने की उम्मीद करते हैं।
ICC का हेडक्वार्टर UAE हाल के वर्षों में क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बन गया है, जहां कई क्वालिफायर टूर्नामेंट के साथ-साथ 2021 में ओमान के साथ ICC पुरुष T20 वर्ल्ड कप की मेजबानी की गई है। शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार के पतन के बाद देश भर में भड़की हिंसा की घटनाओं में 230 से अधिक लोग मारे गए हैं। देश में एक अंतरिम सरकार का गठन किया गया है और 84 वर्षीय नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस को इसका मुख्य सलाहकार नामित किया गया है।
