हम पंजाब को एक मॉडल बनाकर देश को दिखाएंगे: भगवंत मान
केजरीवाल के साथ बैठक के बाद बोले मुख्यमंत्री
चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल के साथ बैठक के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, उनके मंत्री व विधायक बाहर आ गए हैं।
मान ने बैठक के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब से हमारे सभी कैबिनेट मंत्री और विधायक यहां आए थे। हमारे राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी आए थे। दिल्ली चुनाव में पंजाब के हमारे साथियों ने बहुत मेहनत की, इसलिए उन्होंने उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में हमारी सरकार लोगों के हित में बहुत काम कर रही है, चाहे बिजली का क्षेत्र हो या शिक्षा का, हम वहां काम कर रहे हैं और हमें इसमें और भी तेजी लानी है। हार-जीत होती रहती है, हम दिल्ली की टीम के अनुभव का पंजाब में इस्तेमाल करेंगे। मान ने कहा कि हमारी पार्टी अपने काम के लिए जानी जाती है, हम धर्म, गुंडागर्दी की राजनीति नहीं करते। आज हमारी दिल्ली और पंजाब की टीमों ने मिलकर फैसला किया है कि हम पंजाब को एक मॉडल बनाएंगे और देश को दिखाएंगे।
बैठक के बारे में बताते हुए पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान ने पंजाब के विधायकों और मंत्रियों की अरविंद केजरीवाल से मुलाकात पर कहा कि पंजाब को सुशासन में, विकास में नेशनल लेवल का मॉडल बनाया जाएगा, उसके लिए आज चर्चा हुई। दिल्ली की हार को लेकर भी मंथन हुआ है। दिल्ली के लोगों ने आम आदमी पार्टी को नकारा नहीं है, लोगों ने आम आदमी पार्टी को विपक्ष में बैठाया है ताकि ये सरकार से लोगों के काम करवा सकें। सभी विधायक एकजुट हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह चर्चा दिल्ली चुनाव परिणामों के विश्लेषण और 2027 में होने वाले पंजाब चुनावों के लिए रणनीति बनाने पर केंद्रित थी।
