हम जंग से पीछे हटने को तैयार हैं अगर…
खौफ में पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने भारत के सामने रखी शर्त
नई दिल्ली: भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान के विदेश मंत्री का बड़ा बयान सामने आया है। पाक रक्षा मंत्री इशाक डार ने शनिवार को बयान दिया कि यदि भारत आगे कोई हमला नहीं करता है तो पाकिस्तान भी स्थिति को शांत करने पर विचार करेगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर भारत कोई नया हमला करता है, तो हमारा जवाब जरूर आएगा। डार ने पाकिस्तानी समाचार चैनल जियो न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में कहा, “हमने जवाब दिया क्योंकि हमारा सब्र अब जवाब दे गया था। अगर भारत यहीं रुकता है, तो हम भी रुकने पर विचार कर सकते हैं।” डार ने यह भी बताया कि उन्होंने यह संदेश अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो को भी दिया, जब रूबियो ने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बात करने के दो घंटे बाद उन्हें कॉल किया। यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया है। यह जवाबी कार्रवाई 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद की गई थी, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की मौत हो गई थी।
ऑपरेशन सिंदूर पर विदेश मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पाकिस्तान के साथ जारी तनाव पर सैन्य अधिकारियों ने कहा कि उधमपुर, पठानकोट, आदमपुर और भुज एयरबेस को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा, पाकिस्तान ने मिसाइलें दागीं और अस्पताल तथा स्कूल को निशाना बनाया गया। विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने एयर फोर्स स्टेशन सिरसा और एयर फोर्स स्टेशन सूरतगढ़ के शनिवार सुबह की फोटो दिखाईं और कहा कि ये सुरक्षित हैं। कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तानी सेना पश्चिमी सीमाओं पर लगातार हमले कर रही है, उसने भारत के सैन्य ठिकानों पर हमला करने के लिए ड्रोन, लंबी दूरी के हथियार, युद्धक हथियार और लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया है।
