February 20, 2026

लोकतंत्र का महापर्व पांच अक्टूबर को, मतदान में बढ़ चढ़ कर भाग लें वोटर : डीसी

डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि विधानसभा आम चुनाव के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग व जिला प्रशासन मतदाताओं को लोकतंत्र के महापर्व में शामिल होने और अधिक से अधिक मतदान करने के लिए जागरूक करने में अहम भूमिका निभा रहा है।
जिला प्रशासन की ओर से वाल पेंटिंग,होर्डिंग्स व प्रचार के विभिन्न माध्यमों के जरिए व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया जा रहा है,जोकि मतदाताओं को जागरूक करने में मददगार बन रही हैं। वहीं स्वीप गतिविधियों के माध्यम से शिक्षण संस्थाओं, महिला एवं बाल विकास विभाग,रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इन दिनों मुख्य सार्वजनिक स्थानों पर लगी प्रचार सामग्री मतदाताओं का ध्यान सहज ही अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं और मतदाताओं को 5 अक्टूबर को मतदान के दिन बढ़चढ़ कर मतदान करने का आह्वान कर रही हैं। जिला में जगह-जगह लगी मतदाता जागरूकता प्रचार सामग्री बैनर, होर्डिंग्स आदि मतदाताओं को बढ़चढ़ कर मतदान करने के लिए प्रेरित व जागरूक कर रहे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधानसभा आम चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग हरियाणा की भजन मंडली द्वारा गांवों में गीतों के माध्यम से मतदान के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है ,प्रचार-सामग्री के माध्यम से आमजन को मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 की भी जानकारी दी जा रही है। उन्होंने पात्र मतदाताओं से आगामी 5 अक्टूबर को बढ़ चढ़कर मतदान का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *