ऊना में मतदाता जागरूकता रैली निकाल किया शत प्रतिशत मतदान को प्रेरित
आम चुनावों में सबकी सहभागिता से अधिकतम मतदान तय बनाने के मकसद से मंगलवार को ऊना में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। स्वीप कार्यक्रम के तहत आयोजित इस गतिविधि में राजकीय महाविद्यालय ऊना के एनसीसी कैडेट्स ने महाविद्यालय से उपायुक्त कार्यालय तक जागरूकता रैली के माध्यम से लोगों को शत प्रतिशत मतदान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मतदाता जागरूकता के संदेश वाली तख्तियों, बैनर्स और नारों के साथ लोगों को मतदान के महत्व तथा मताधिकार के प्रयोग को लेकर जागरूक किया। लोकतंत्र के लोकपर्व में सब हों सम्मिलित जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ऊना में स्वीप के अन्तर्गत विभिन्न प्रकार की नवीन और पारंपरिक गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। सभी विभागों, शिक्षण संस्थानों को साथ लेकर मतदाता जागरूकता के प्रयास किए जा रहे हैं। शिक्षण संस्थानों में मतदाताओं को जागरूक करने के लिये भाषण, रंगोली समेत अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन भी करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि पहली जून को मतदान के दिन जिले में सभी मतदाता अपने घरों से निकलें और अपने मताधिकार का उपयोग करें। सशक्त लोकतंत्र के लिए सभी मतदाता लोकतंत्र के लोकपर्व में सम्मिलित हों और सही तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
