February 21, 2026

सरकारी कार्यालयों में दिव्यांगजनों के सुगम आवागमन के लिए आवश्यक प्रबंध करें सुनिश्चित – विवेक शर्मा

सोलन, सहायक आयुक्त सोलन विवेक शर्मा ने आज यहां बताया कि दिव्यांगजनों के लिए सरकारी कार्यालयों में आवागमन को सुगम बनाने के लिए विशेष प्रबंध करने का प्रावधान किया गया है। इस बारे में अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण विभाग की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इन निर्देशों के अनुसार दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए ज़िला के सभी कार्यालयों, सार्वजनिक आउटसोर्स सेवाएं भवन, पासपोर्ट एवं वीज़ा सेवाएं, जन सुविधा केन्द्र तथा सी.एस.सी इत्यादि में रैम्प बनाना आवश्यक है। विवेक शर्मा ने कहा कि ज़िला में स्थित जिन बहुमंजिला सरकारी भवनों में यह सुविधा अभी तक उपलब्ध नहीं करवाई जा सकी है, उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि दिव्यांगजनों के लिए धरातल में विभिन्न उपकरणों व आवश्यक स्टॉफ सहित सेवाएं उपलब्ध करवाने का समुचित प्रावधान हो। इस बारे में सभी उपमण्डलाधिकारी (ना.), मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा ज़िला कल्याण अधिकारी को भी इन निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *