सारी रात जागी विनेश फोगाट ने भार कम करने के लिए किए बेशुमार प्रयास
पेरिस : पेरिस ओलंपिक से विनेश फोगाट को लेकर आई बुरी खबर ने पूरे हिंदुस्तान का दिल तोड़ दिया। देश का दिल न टूटे इसके लिए मंगलवार सारी रात विनेश ने जिस टेंशन में गुजारी उसकी सच्चाई सामने आने के बाद पूरे देश की नजरों में विनेश का सम्मान और बढ़ गया है। ओलंपिक से डिस्क्वालिफाई की गईं विनेश का वजन मंगलवार रात 50 किलो वर्ग के तय सीमा से ज्यादा पाया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विनेश फोगाट का वजन मंगलवार रात 2 किलो ज्यादा था और इसे कम करने के लिए उन्होंने अपना खून-पसीना एक कर दिया। वो रातभर जागीं और उन्होंने अपना अतिरिक्त वजन कम करने की बहुत कोशिश की। विनेश ने अपना वजन कम करने के लिए साइकिल चलाई, स्किपिंग की, बाल और नाखून तक काट दिए।
खिलाड़ी ने अपना खून तक निकाला लेकिन ये खिलाड़ी इसके बावजूद 50 किलो, 150 ग्राम तक ही पहुंच पाईं। जोकि तय नियम 50 किलो 100 ग्राम से 50 ग्राम अधिक था। इसके बाद वे अयोग्य घोषित कर दी गईं। फाइनल में विनेश का अमेरिका की सारा एन हिल्डब्रांड से मुकाबला होना था। अमेरिका की इस पहलवान ने टोक्यो ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। वे विश्व चैंपियनशिप में दो रजत और दो कांस्य मेडल भी जीत चुकी हैं।
