March 13, 2026

विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने राजनीति में रखा कदम, कांग्रेस में हुए शामिल

नई दिल्ली – हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बीच कुश्ती खिलाड़ी विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए है। आज कांग्रेस में शामिल होने के लिए विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया मल्लिकार्जुन खरगे के घऱ पहुंचे। पिछले काफी समय से ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि कुश्ती के दोनों पहलवान कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। इससे पहले दोनों ने राहुल गांधी से मुलाकात भी की थी। इस दौरान कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मौजूद रहे। अब पार्टी की कैंडिडेट लिस्ट में दोनों के नाम आने की संभावना है।

चर्चा चल रही थी कि पार्टी विनेश फोगाट को उनके गृह जिले चरखी-दादरी से टिकट दे सकती है। वहीं, ये कयास भी लगाए जा रहे हैं कि उन्हें जुलाना विधानसभा सीट पर उम्मीदवार बनाया जा सकता है, क्योंकि यहां उनका ससुराल है। वहीं बजरंग पूनिया को कांग्रेस बादली सीट से टिकट दे सकती है। इस सीट पर पहले से ही कांग्रेस का कब्जा है। अगर इस सीट पर बजरंग पूनिया को उम्मीदवार बनाया गया तो सिटिंग विधायक कुलदीप वत्स के लिए मुश्किल पैदा हो सकती है।

पहलवान बजरंग पुनिया और विनेश फोगट की राजनीतिक एंट्री पर पहलवान साक्षी मलिक ने बड़ा बयान दिया है। शुक्रवार को उन्होंने एक तरह से नसीहत देते हुए कहा कि मुझे भी ऑफर मिले, मगर हमें त्याग करना चाहिए।

वहीं, विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया पर पूर्व गृह मंत्री अनिल विज ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि विनेश फोगाट देश की बेटी से कांग्रेस की बेटी बनना चाहती हैं तो इसमें उन्हें कोई एतराज नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *