February 17, 2026

जिला में 25 नवंबर से होगा विकसित भारत संकल्प यात्रा का आगाज : डीसी

डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने विकसित भारत संकल्प यात्रा को लेकर अधिकारियों के साथ की तैयारियों की समीक्षा
— सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और मौके पर ही सेवाओं के लिए पात्रों से लिए जाएंगे आवेदन
— प्रदेश के मुख्य सचिव की वीसी उपरांत डीसी ने दिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश
झज्जर, डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने सोमवार को अधिकारियों की बैठक में बताया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं,परियोजनाओं,नीतियों तथा उपलब्धियों को प्रत्येक गांव व वार्ड स्तर तक पहुंचाने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आउटरीच कार्यक्रम चलाएंगे। यह यात्रा जिला झज्जर में 25 नवंबर से शुरू होगी और लगभग दो महीने तक चलेगी। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी भी मौजूद रहेंगे ताकि दूसरे लोग भी उसी प्रकार योजनाओं का लाभ उठाकर आगे बढ़ें। इसी कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने लघु सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक में अब तक की तैयारियों की समीक्षा करते हुए दिशा निर्देश दिए। इससे पहले संजीव कौशल, मुख्य सचिव हरियाणा सरकार और यात्रा के स्टेट नोडल अधिकारी डॉ अमित अग्रवाल, अतिरिक्त प्रधान सचिव मुख्यमंत्री हरियाणा एवं डीजीआईपीआरएल ने वीसी के माध्यम से जिला प्रशासन के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि सरकार के निर्देश अनुसार विकसित भारत संकल्प यात्रा के जिला में सफल संचालन के लिए आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम की भावना के अनुरूप ही ये कार्यक्रम आयोजित होंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में इन कार्यक्रमों की देखरेख की जिम्मेदारी विकास एवं पंचायत विभाग तथा शहरी क्षेत्र में शहरी स्थानीय निकाय विभाग की रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आज ही रूट प्लान तैयार करें।
उपायुक्त ने बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान हर गांव तथा हर वार्ड में बहुत ही भव्य कार्यक्रम आयोजित करवाए जाएंगे। ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्र में भारत सरकार की ओर से एलईडी वैन उपलब्ध करवाई जाएंगी जो जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देगी। उन्होंने कहा कि युवा सशक्तिकरण के कार्यक्रम को मजबूत बनाने के लिए इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। हरियाणा उदय एवं नेहरू युवा केंद्र संगठन के युवाओं की भागीदारी भी रहेगी। यह कार्यक्रम सभी गांव में ग्राम सचिवालय में होंगे। जिन गांवों में ग्राम सचिवालय नहीं है वहां पर राजकीय स्कूल में होंगे। सभी कार्यक्रमों में सरकार की ओर से बनाए गए ग्राम संरक्षक सभी कार्यक्रमों में मौजूद रहेंगे।
-अधिकारी स्टॉल लगाकर देंगे सेवाएं
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान गांवों तथा वार्डों में हेल्थ चेकअप, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, चिरायु कार्ड, परिवार पहचान पत्र तथा प्रॉपर्टी आईडी बनवाने या त्रुटियां ठीक करवाने के लिए कैंप लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन कैंपों से आम नागरिकों को बहुत फायदा होगा जहां वे अपने घर द्वार पर ही इन सेवाओं तथा योजनाओं का लाभ ले सकेंगे। अधिकारी इन स्टॉल का सफल संचालन सुनिश्चित करेंगे।
-एडीसी सलोनी शर्मा होंगी कार्यक्रम की ओवरऑल नोडल अधिकारी
डीसी ने बताया कि कार्यक्रम की सफलता के लिए अतिरिक्त उपायुक्त सलोनी शर्मा को ओवरऑल नोडल अधिकारी लगाया गया है। इसके बाद जिला नगर आयुक्त तथा सीईओ जिला परिषद अपने-अपने विभागों के नोडल अधिकारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि जमीनी स्तर पर कार्य करने के लिए गांव तथा वार्ड स्तर पर भी एक-एक नोडल अधिकारी लगाए जाएंगे। ये नोडल अधिकारी गांवों में पहुंचने वाली एलईडी वैन का स्वागत करने तथा संबंधित गांवों व वार्ड में कार्यक्रम की देखरेख करेंगे। यह वैन प्रत्येक गांव में पहुंचेगी।
-वैन के माध्यम से सुनाया जाएगा पीएम-सीएम का संदेश
उपायुक्त ने बताया कि गांव और वार्ड स्तर पर ऐसे सांझा स्थान का चयन किया जाएगा, जहां गांव व वार्ड के लोगों को बुलाकर वैन के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी जा सके। इसके अलावा देश के प्रधानमंत्री तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री के संदेश को भी दिखाया जाएगा। वहीं नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सामग्री भी दी जाएगी।
बैठक में यह अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ अर्पित जैन , कार्यक्रम की नोडल अधिकारी एवं एडीसी सलोनी शर्मा, डीएमसी जगनिवास, सीईओ जिला परिषद डॉ सुभीता ढ़ाका सहित प्रशासनिक व संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *