लुधियाना के सिद्धवा नहर के किनारे स्थित फ्लाइओवर पर वाहनों की आवाजाही शुरू
लुधियाना: सिद्धवा नहर के किनारे स्थित फ्लाइओवर पर 50 दिन बाद वाहनों की आवाजाही हो गई है। यहां बताना उचित होगा कि बी.आर.एस. नगर व सराभा नगर को जोड़ने वाले प्वाइंट पर जोन डी ऑफिस के बेक साइड पर स्थित पुल का एक हिस्सा 9 सितंबर को टूटकर नीचे गिर गया था जिसके बाद इस पुल को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया था। उस समय इस पुल की रिपेयर करने में 10 दिन का समय लगने की बात कही गई थी लेकिन इस पुल को चालू होने में 50 दिन का समय लग गया है जिसकी वजह से लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या का सामना करना पड़ा।
अब त्योहारों के सीजन के दौरान बढ़ते दबाव के मद्देनजर फ्लाइओवर को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। इस संबंध में पी डब्ल्यू डी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पुल की रिपेयर का काम जी एन ई कॉलेज के डिजाइन के हिसाब से किया गया है जिसके तहत 3 अक्टूबर को स्लैब डालने के बाद 21 दिन का क्युरिंग पीरियड लेना जरूरी था और बाद में नए सिरे से सड़क का निर्माण किया गया है।
