March 14, 2026

स्वीप के तहत हिमालयन नर्सिंग कॉलेज में भाषण, नारा लेखन व पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित

स्वीप कार्यक्रम के तहत आयोजित हुई प्रतियोगिताएं, 1 जून को मतदान में भाग लेने को किया प्रेरित

जोगिन्दर नगर, 03 मई: 1 जून को होने जा रहे आम लोकसभा चुनाव-2024 के दृष्टिगत सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) कार्यक्रम के तहत हिमालयन नर्सिंग कॉलेज जोगिन्दर नगर में भाषण, नारा लेखन व पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्य सुजाता ठाकुर ने की। इस मौके पर स्वीप के नोडल अधिकारी खजान सिंह ठाकुर ने मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस बात की पुष्टि करते हुए सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम जोगिन्दर नगर मनीश चौधरी ने बताया कि जागरूक नागरिक मताधिकार के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करते हैं। इसके साथ-साथ युवाओं की लोकतंत्र के परिप्रेक्ष्य में विशेष भूमिका रहती है। उन्होने बताया कि लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न शिक्षण संस्थानों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में हिमालयन नर्सिंग कॉलेज जोगिन्दर नगर में मतदान जागरूकता पर आधारित भाषण, नारा लेखन तथा पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में स्वीप के नोडल अधिकारी खजान सिंह ठाकुर ने उपस्थित विद्यार्थियों को मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला तथा 1 जून को मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की। साथ ही समाज के दूसरे लोगों को भी जागरूक करने पर बल दिया।
इस बीच सभी उपस्थित विद्यार्थियों को मतदान में भाग लेने के लिए मतदाता शपथ भी दिलाई।

नारा लेखन में आयशा, भाषण में आशना तथा पोस्टर मेकिंग में सुप्रिया रही प्रथम

स्वीप कार्यक्रम के तहत आयोजित नारा लेखन प्रतियोगिता में जीएनएम प्रथम वर्ष की आयशा पहले, जीएनएम प्रथम वर्ष की ही नैंसी दूसरे तथा बीएससी द्वितीय वर्ष की सोनाक्षी तीसरे स्थान पर रहीं। इसी तरह पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में जीएनएम प्रथम वर्ष की सुप्रिया पहले तथा बीएससी द्वितीय वर्ष की राशि व अनवी क्रमश: दूसरे व तीसरे स्थान पर रहीं। जबकि भाषण प्रतियोगिता में बीएससी चौथे वर्ष की आशना पहले तथा अंजली दूसरे स्थान पर रहीं।
सभी विजेता विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित कर पुरस्कृत किया गया।
इस मौके पर कॉलेज का स्टाफ भी मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *