पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित
गगरेट, सुखविंदर, गगरेट विधानसभा क्षेत्र के कुठेड़ा जसवालां में पूर्व विधायक राजेश ठाकुर और बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का 16 अगस्त 2018 को निधन हुआ था। उनकी पुण्यतिथि पर देश भर से उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। इस मौके पर पूर्व विधायक राजेश ठाकुर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत ने अभूतपूर्व विकास किया था। उन्होंने हमारे देश के विकास को नई बुलंदियों तक पहुंचाने और 21वीं शताब्दी में हर सेक्टर में देश को आगे ले जाने में अहम भूमिका निभाई। राजेश ठाकुर ने बताया कि भारतीय राजनीति के अजातशत्रु परम श्रद्धेय अटल जी ने विचारधारा व सिद्धांतों पर आधारित राजनीति के सबसे उच्च मानक स्थापित किए। उन्होंने राष्ट्र सेवा की अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से एक तरफ उन्होंने सुशासन की नींव रखी तो दूसरी और उन्होंने पोखरण से पूरे विश्व को भारत के सामर्थ्य का परिचय कराया। अटल जी ने भारत में नए राजनीतिक युग का सूत्रपात किया। उन्होंने गरीबों के कल्याण के लिए भी बहुत कुछ किया। राजेश ठाकुर ने कहा कि हम सभी को भी एकजुट होकर सुशासन के संकल्प को आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सदाचार की जो मिसाल हमें मिली है, उसे आज जीवन में अपनाने की जरूरत है। राजेश ठाकुर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक महान और दूरदर्शी नेता थे। देश के विकास के लिए उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।इस मौके पर जिला परिषद सदस्य सुशील कालिया, बीजेपी मंडल अध्यक्ष राजीव शर्मा, उपाध्यक्ष सरला देवी, महामंत्री अजय ठाकुर, महामंत्री रमन ठाकुर ( जोनी), हरभजन सिंह, दिलावर सिंह, रवि कांत व समस्त बीजेपी कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी।
