February 20, 2026

होला महल्ला के पहले दिन विरासत ए खालसा देखने उमड़े पर्यटक

राज घई, श्री आनंदपुर साहिब, होला महल्ला के पहले दिन विश्व प्रसिद्ध विरासत ए खालसा को देखने के लिए आज श्री आनंदपुर साहिब में बड़ी संख्या में पर्यटक उमड़े हैं। टिकट खिड़की पर भारी भीड़ है और लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। गौरतलब है कि दुनिया में सबसे अधिक देखे जाने वाले विरासत ए खालसा म्यूजियम को वर्ल्ड बुक, लिम्का बुक और कई अन्य पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। इसके असाधारण रख-रखाव के कारण ही दुनिया भर से जानी-मानी हस्तियां यहां पहुंच चुकी हैं और आगंतुक पुस्तिका में अपने विचार दर्ज करा चुकी हैं। वैसे तो विरासत ए खालसा देखने के लिए हर दिन 4 से 5 हजार पर्यटक आते हैं, लेकिन पर्यटन विभाग की ओर से किए गए बेहतरीन इंतजामों के चलते इस बार होला महल्ला के दौरान विरासत ए खालसा देखने के लिए पर्यटकों की आमद तेजी से बढ़ रही है। पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रबंधन की ओर से पर्याप्त इंतजाम किये गये हैं। नागरिक और पुलिस विभाग के अधिकारी भी यहां रोटेशन पर 24/7 ड्यूटी पर तैनात हैं। सुपरवाइजिंग इंजीनियर टूरिज्म बी.एस.चाना ने बताया कि विरासत ए खालसा देखने आने वाले लोगों में काफी उत्साह है, इसके लिए उनके स्टाफ ने व्यापक इंतजाम किए हैं। एसडीओ सुरिंदरपाल, राजेश शर्मा, भूपिंदर सिंह विरासत ए खालसा के परिसर में किए गए पूरे प्रबंधों की निगरानी कर रहे हैं। विरासत ए खालसा की साफ-सफाई और पर्यटकों की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों को पर्यटकों द्वारा सराहा जा रहा है। अगले दो दिनों के दौरान यहां बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *