राष्ट्रीय एकता व अखंडता बनाये रखने की शपथ ली
संदीप गिल, नंगल, भारत के लोह पुरुष कहाने वाले व देश को एक सूत्र में पिरोने वाले सरदार वल्लभ भाई पटेल के जन्मदिवस को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने के उपलक्ष में आज यहां शहीद कैप्टन अमोल कालिया पार्क शिवालिक एवेन्यू नया नंगल में वरिष्ठ नागरिक टोली के सदस्यों एवं पार्क में प्रातः काल सैर, योग व कसरत इत्यादि करने आने वाले लोगों ने राष्ट्रीय एकता व अखंडता बनाये रखने की शपथ ली। शपथ ग्रहण करने वाले इस एक खास कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक टोली के इं. कृष्ण कान्त सूद, प्रोफेसर प्रमोद मदान, रामजी दास, दर्शन लाल शर्मा, प्रमोद शर्मा, प्रह्लाद गौतम, अशोक मनोचा, कैप्टन सरदारी लाल, बिट्टा सैनी, राणाजी, डडवालीया एवं अन्य लोग शामिल हुए। भारत विकास परिषद् के प्रांतीय सलाहकार व सर्वहितकारी विद्यामंदिर नंगल के अध्यक्ष इं. कृष्ण कान्त सूद द्वारा दिलाई गई शपथ लेकर उपस्थित सभी नागरिकों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता व सुरक्षा को बनाये रखने के लिए अपने-आप को समर्पित करने के साथ-साथ अपने देशवासियों के बीच भी यह संदेश फैलाने के भरसक प्रयत्नों की वचनबद्धता का प्रण लिया।
