गढ़शंकर में अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन की मौत, एक गंभीर घायल
गढ़शंकर, पंजाब के होशियारपुर जिले के गढ़शंकर क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह हादसा बोढ़ा गांव में वाटर सप्लाई ऑफिस के पास उस समय हुआ, जब चारों युवक दोपहिया वाहन पर सवार होकर श्री आनंदपुर साहिब से गढ़शंकर की ओर जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए गढ़शंकर के सिविल अस्पताल भेजा गया। घायल युवक को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
