आपदा जोखिम न्यूनीकरण हेतु तीन दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न
धर्मपुर, 29 अगस्त- उपमण्डल धर्मपुर में आपदा न्यूनीकरण के उद्देश्य से जिला प्रशासन आपदा प्रशिक्षण मण्डी व राज्य आपदा प्रबंधन की ओर से आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज वीरवार को सम्पन्न हो गया। इस कार्यक्रम का शुभारम्भ 27 अगस्त को उपमंडलाधिकारी (ना) जोगिन्द्र पटियाल द्वारा किया गया था।
इस कार्यशाला में धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र की चार पंचायतों धन्यार, नेरी, बनाल व चनौता के आए स्वयंसेवकों ने भाग लिया तथा आपदा से सम्बंधित महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की।
जिला आपदा प्राधिकरण मण्डी से जिला सर्व समन्वयक अमरजीत सिंह ने आपदा प्रबंधन पर विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की और लोगों को इसके प्रति जागरूक किया। कार्यशाला में जलभराव , भूस्खलन व आगजनी के समय सावधानियाँ बरतने व बचाव, नदी नालों और घर के आस पास की साफ सफाई व किसी भी आपदा के दौरान तुरंत प्रतिक्रिया के बारे में जानकारी इस दौरान दी गई। कार्यशाला में बताया गया कि किसी भी अप्रिय घटना बारे तत्काल उपमण्डलाधिकारी व जिला प्रशासन को सूचित करें। इस उद्देश्य के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाए गया।
इस दौरान भवन को सुरक्षित व भूकंपरोधी भवन निर्माण के बारे में भी जानकारी सांझा की गई।
इसके अतिरिक्त आपदा के समय प्रथम उपचार के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई जिसमें सीपीआर अभ्यास, पट्टी बांधना आदि का अभ्यास करवाया गया।
