विरासत-ए-खालसा में तीन दिवसीय क्राफ्ट मेले का आयोजन
सेल्फ हेल्प ग्रुपों की मेहनत को मिला मंच, 30 स्टॉलों के माध्यम से उत्पादों की प्रदर्शनी
राज घई, श्री आनंदपुर साहिब, जिला प्रशासन रूपनगर द्वारा विरासत-ए-खालसा में 1 मार्च से 3 मार्च 2026 तक तीन दिवसीय क्राफ्ट मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में जिला रूपनगर सहित पंजाब के विभिन्न जिलों से पंजाब राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित सेल्फ हेल्प ग्रुपों के सदस्यों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं और कारीगरों को अपने उत्पादों की मार्केटिंग के लिए मंच प्रदान करना था।
क्राफ्ट मेले के दौरान फुलकारी, निटिंग उत्पाद, हल्दी, अचार, मुरब्बे, चटनियां, आयुर्वेदिक दवाइयां तथा फूड स्टॉल सहित कुल 30 स्टॉल लगाए गए। सेल्फ हेल्प ग्रुपों के सदस्यों ने अपने हाथों से तैयार उत्पादों के माध्यम से अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
इसके अलावा मेले के दौरान डेयरी विभाग, पशुपालन, मत्स्य पालन, लीड बैंक, जिला रोजगार कारोबार ब्यूरो, एस.सी. कॉर्पोरेशन, जिला बाल सुरक्षा यूनिट रूपनगर, डी-एडिक्शन सेंटर रूपनगर, जिला उद्योग केंद्र, बागवानी विभाग, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, रेड क्रॉस तथा एन.यू.एल.एम. रूपनगर आदि विभिन्न विभागों द्वारा अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित भी किया गया।
मेले के दौरान माननीय अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) रूपनगर चंद्र ज्योति सिंह और सहायक आयुक्त अभिमन्यु मलिक ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने सेल्फ हेल्प ग्रुपों के सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे मेले ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने के साथ-साथ स्वरोजगार को भी प्रोत्साहित करते हैं।
