February 18, 2026

फगवाड़ा में भी कांग्रेस को झटका, तीन पार्षद आप में शामिल

फगवाड़ा: पंजाब में नगर निगमों पर राजनीतिक दलों के कब्जे की सियासी लड़ाई के बीच आज फगवाड़ा में भी आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को बड़ा झटका दे दिया है। कांग्रेस के तीन दिग्गज पार्षद आप पार्टी में शामिल हो गए हैं। आप पार्टी में शामिल होने वालों में पार्षद रामपाल उप्पल, पार्षद पदमदेव सुधीर निक्का व ब्लॉक कांग्रेस के प्रधान व पार्षद मुनीश प्रभाकर शामिल हैं।

ऐसे में अब आप के पास पार्षदों की संख्या 18 हो गई है, जबकि बहुमत के लिए 26 पार्षदों की जरूरत है। वहीं, अब कांग्रेस-बसपा गठबंधन के पास पार्षदों की संख्या 23 रह गई हैं। विधायक का एक वोट डालकर संख्या 24 पहुंच रही हैं। अब दोनों ही राजनीतिक दलों को अपना मेयर बनाने के लिए दूसरे दलों के पार्षदों पर निर्भर होना पड़ेगा।

यहां बता दें कि रविवार को भाजपा पार्षद परमजीत सिंह खुराना भी आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे। नगर निगम फगवाड़ा के मेयर पद, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर पद हासिल करने को लेकर कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के बीच चल रही सियासी खींचतान के मध्य रविवार को वार्ड नंबर 48 से भाजपा पार्षद परमजीत सिंह खुराना ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *