February 20, 2026

राहुल गांधी समेत 25 कांग्रेसी सांसदों को दी थी गोली मारने की धमकी

पुलिस ने आरोपी को कोटा से पकड़ा

नई दिल्ली, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत 25 कांग्रेसी सांसदों को गोली मारने की धमकी देने वाला वीडियो अपलोड करने के आरोप में एक व्यक्ति को राजस्थान पुलिस ने कोटा से हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, वीडियो में खुद को राज सिंह बताने वाला व्यक्ति अपने आपको करणी सेना का प्रवक्ता बता रहा है। उसने हाल ही में लोकसभा में हुई एक घटना का जिक्र करते हुए धमकी दी थी।

एक समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ने दावा किया कि लोकसभा के बजट सत्र के पहले चरण के दौरान 25 कांग्रेसी सांसदों और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के बीच हुई कथित नोकझोंक से कुछ लोग नाराज थे। वायरल वीडियो में आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि अगर ऐसी घटना दोबारा हुई तो सांसदों के घरों में घुसकर तोड़फोड़ की जाएगी। उसने राहुल गांधी के खिलाफ भी आपत्तिजनक और हिंसक टिप्पणी की। उसने कहा था कि राहुल गांधी को हम गोली मार देंगे।

वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कोटा के बोरखेड़ा थाने में हिरासत में लिया। कोटा की एसपी तेजस्वनी गौतम ने पीटीआई को बताया कि आरोपी से वीडियो के संबंध में पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि वीडियो में आरोपी के पीछे दीवार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की तस्वीर लगी दिख रही है। हालांकि, भाजपा और करणी सेना दोनों ने ही आरोपी से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया है। बीजेपी कोटा शहर अध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति का पार्टी से कोई संबंध नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *