February 11, 2026

अमेरिका में फिर ‘तालाबंदी’ की आहट: मंडराने लगा शटडाउन का खतरा

सीनेट में फंडिंग बिल पर फंसा पेंच

वाशिंगटन, अमेरिका में एक बार फिर सरकारी शटडाउन का खतरा पैदा हो गया है। संसद के ऊपरी सदन सीनेट में फंडिंग बिल पर सहमति नहीं बन पाने के कारण आंशिक शटडाउन की आशंका जताई जा रही है। सीनेट में उस समझौते की राह में नई बाधा उत्पन्न हो गई, जिसका उद्देश्य सभी सरकारी एजेंसियों के संचालन के लिए फंडिंग को निर्बाध बनाए रखना है। इस कारण समय रहते समाधान न निकल पाने पर सरकारी कामकाज प्रभावित हो सकता है।

गौरतलब है कि पिछले साल अक्टूबर में फंडिंग बिल अटकने के कारण अमेरिका को 43 दिनों तक शटडाउन का सामना करना पड़ा था, जिसे देश के इतिहास का सबसे लंबा शटडाउन माना जाता है। सीनेट में डेमोक्रेट्स और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुए इस समझौते के तहत कांग्रेस से एक खर्च विधेयक पारित कराने का प्रस्ताव है, जिससे सैन्य, स्वास्थ्य समेत कई प्रमुख सरकारी कार्यक्रमों के लिए फंडिंग सुनिश्चित की जा सके।

इसके साथ ही ट्रंप प्रशासन की आव्रजन नीति को लेकर नई सीमा तय करने पर बातचीत जारी रखने पर भी सहमति बनी है। हालांकि गुरुवार रात कुछ सांसदों द्वारा इस समझौते पर आपत्ति जताए जाने से प्रक्रिया में अड़चन आ गई। सीनेट की कार्यवाही स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजे शुरू होगी, जबकि शटडाउन को टालने के लिए आधी रात तक का समय शेष है। यदि सीनेट से समझौते को मंजूरी मिल जाती है, तो इसके बाद रिपब्लिकन बहुमत वाली प्रतिनिधि सभा से इसे पारित कराना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *