February 22, 2026

औद्योगिक इकाईयों में नहीं रहने दी जाएगी बिजली की कमी : रणजीत सिंह

शहर के गणपति धाम और एफडीआई में आयोजित कार्यक्रम में बिजली मंत्री ने सुनीं व्यापारियों की समस्याएं
— देश को दुनिया पांचवी बड़ी अर्थ व्यवस्था बनाने उद्यमियों का अहम रोल- सांसद डॉ अरविंद्र शर्मा
बहादुरगढ़,18 अक्टूबर।
हरियाणा के उर्जा मंत्री रणजीत सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों और जन-साधारण की बिजली जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक समस्या का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कर रही है। कैबिनेट मंत्री गणपति धाम स्थित सभागार में कांफेडरेशन आफ बहादुरगढ इंडस्ट्री (कोबी) और बीसीसीआई द्वारा फुटवियर पार्क स्थित एफडीआई में आयोजित कार्यक्रम में व्यापारियों को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस दौरान सासंद डॉ अरिवंद शर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में बिजली की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। हरियाणा में बिजली की कोई कमी नहीं है और उद्यमी हमारी प्राथमिकता में हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हरियाणा में बिजली की स्थिति काफी अच्छी है, किसी भी दूसरे राज्यों के मुकाबले अच्छी बिजली उपलब्धता होने के कारण जापान सहित अन्य देशों की कई नामी कंपनियां हरियाणा में ऑपरेशन शुरू कर रही है। देश में जापान से कुल आने वाली कंपनियों में से 28 प्रतिशत कंपनियां हरियाणा में अपना निवेश कर रही हैं। वहीं हरियाणा प्रदेश में देश की सबसे ज्यादा उत्पादकता वाली ऑटोमोबाइल, कार, क्रेन, ट्रेक्टर, इस्पात से संबंध रखने वाली कंपनियां कार्यरत हंै, जिससे रोजगार को भी बढ़ावा मिल रहा है।
चौ.रणजीत सिंह ने कहा कि हरियाणा में लगातार बिजली को लेकर बड़े सुधार किए गए हैं। हरियाणा में लाइन लॉस 31 प्रतिशत से घटाकर 9.15 प्रतिशत रह गया है जो के देश में सर्वश्रेष्ठ है। उन्होंने कहा कि बिजली कटों की समस्या को दूर करने के लिए तकनीकी सुधार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बहादुरगढ़ के उद्योगों के लिए बिजली की समस्या नहीं आने दी जाएगी।
इस दौरान रोहतक लोकसभा से सांसद डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत देश की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। इसमें उद्यमियों की अग्रणी भूमिका है। पीएम का सपना है कि देश को 2047 तक आत्मनिर्भर बनाना है इसमें भी उद्यमियों की अग्रणी भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि यह स्वाभाविक रूप से औद्योगिक विकास की ओर अग्रसर हो रहा है। केंद्र व प्रदेश सरकार से भी भरपूर सहयोग मिल रहा है।
सासंद ने कहा कि पर्यावरण सरंक्षण के लिए माननीय सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी की गाइडलाइन पालना करना भी जरूरी है। बैठकों में यूएचबीवीएन के निदेशक अश्विनी रहेजा ने जिला झज्जर में बिजली आपूर्ति सुधार के लिए उठाए गए प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर डीसी कैप्टन शक्ति सिंह पूर्व विधायक नरेश कौशिक, पूर्व विधायक रामकिशन सिंघल, बिजली मंत्री के सलाहकार अजमेर सिंह, नप चेयरमैन सरोज राठी, सुभाष जग्गा, प्रवीण गर्ग, विपिन बजाज सहित उद्यमी और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *