सीएम सुक्खू की अनुभवहीनता व कांग्रेस की अंतर्कलह से आज हिमाचल में अस्थिरता की स्थिति: जयराम ठाकुर
अजय कुमार, बंगाणा, राज्य के पूर्व सीएम एवम विपक्ष नेता जयराम ठाकुर ने कुटलैहड़ के समूर में भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुमार भुट्टो की अभिनंदन रैली में कहा कि कांग्रेस पार्टी को अपना कुनबा संभालना चाहिए और भाजपा की चिंता छोड़ देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हारे नकारे ऐसे नेता आज उन्हें राजनीति सिखाना छोड़ दें जो बार -बार जनता द्वारा नकार दिए गए हो। जो अपने विधानसभा क्षेत्र में कोई अस्तित्व नहीं रखते वो प्रदेश की राजनीति के विश्लेषक बनने का प्रयास कर रहे हैं। उन्हें चेताते हुए विपक्ष नेता जयराम ठाकुर ने कहा कांग्रेस एक डूबता जहाज है जिस से हर कोई समय रहते कूदना चाहता है। ठाकुर ने कहा कि जिस तरह का घटनाक्रम हिमाचल में घटा कि सतारूढ़ पार्टी के विधायक असंतोष की स्थिति में पार्टी से पलायन कर जाते हैं जबकि निर्दलीय ने भी सरकार के प्रति असंतोष व्यक्त किया ऐसा आज तक के इतिहास में कभी नहीं हुआ था। ठाकुर ने कहा कि यह सरकार वेंटिलेटर पर है और वेंटिलेटर पर ही रहेगी। कांग्रेस जितना मर्जी प्रयास कर ले पर सरकार की स्थिति ठीक होना असंभव लग रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हालत डूबते हुए जहाज की तरह है और ऐसा लगता है कि यह जहाज जल्दी ही डूब जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में उनके नेता चुनाव लड़ना नहीं चाहते हैं। जहां भाजपा प्रदेश में अपने चारों टिकटों की घोषणा कर चुकी हैं वहीं कांग्रेस एक भी सीट पर अपना प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाई है। कांग्रेस के नेता चुनाव लड़ने से मना कर रहे हैं, कई स्थानों पर तो टिकट वापसी का दौर भी चला है। उन्होंने कहा कि जिस संगठन की प्रदेश अध्यक्ष ही चुनाव नहीं लड़ना चाहती तो उससे संगठन की ताकत क्या रह गई होगी वह जग जाहिर है। ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में इस बार भी चारों की चारों सीटें भारतीय जनता पार्टी रिकॉर्ड मार्जिन से जीतेगी। हिमाचल में अबकी बार 4/4 एनडीए 400 पार, बीजेपी 370 पार और फिर एक बार मोदी सरकार, इस लक्ष्य के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं। ठाकुर ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री जब बजट पेश करते है और बजट पर जब चर्चा होती है तो राज्य सरकार के छः विधायक विधान सभा से बाहर होते है और सरकार को बचाने के चक्र में विधान सभा अध्यक्ष महोदय भाजपा के 15 विधायको को विधान सभा से उठाकर बाहर किया जाता है। जब भाजपा विधायक इनकार करते हैं तो सौ कमांडो को बुलाकर उठाया जाता है ताकि उनकी सरकार बच सके। ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार ने राज्य में ऐसे हालात पैदा कर दिए हैं जो इतिहास में हिमाचल में कभी नहीं हुआ। लेकिन काठ की हांडी बार बार नहीं चढ़ती है। झूठ और फरेब की राजनीति अब हिमाचल से बाहर होने बाली है। कांग्रेस के छः विधायकों की जागी अंतरात्मा, भाजपा प्रत्याशी की हुई जीत, जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार के छः कांग्रेस विधायकों ने भाजपा के राज्य सभा प्रत्याशी को इसलिए मतदान किया कि जो कांग्रेस प्रत्याशी थे वह माननीय उच्च न्यायालय में श्री राम मंदिर निर्माण के विरोध में खड़े होते थे। उन्होंने ही कांग्रेस के प्रति माननीय कोर्ट में यह हलफनामा दायर करवाया था कि श्री राम जी काल्पनिक हैं और अयोध्या में श्री राम जी का कोई जन्म नहीं हुआ था। जब वही अधिवक्ता हिमाचल राज्य सभा के कांग्रेस प्रत्याशी बने तो छः विधायक जिनमें कुटलैहड़ के कांग्रेस विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो भी थे, उनकी अंतरात्मा जागी। उन्होंने भाजपा के पक्ष में मतदान किया। ठाकुर ने कहा कि बदले की भावना से काम करते हुए सुक्खू सरकार ने इन सभी पर मुकदमे भी दर्ज करवाए। सुक्खू सरकार अस्थिर,जल्द राज्य में बनेगी भाजपा की सरकार, जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार अभी भी अस्थिर चली हुई हैं। और इस बात को मुख्यमंत्री महोदय भी जानते है। लेकिन सुक्खू साहब सोचते है की जितने दिन चल सके सरकार को चला लो। ठाकुर ने दावा किया। कि देश में मोदी सरकार मिशन 400 पार को पूरा करके जीत की हैट्रिक लगाएगी और प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार भारत सरकार का नेतृत्व करेगी। हिमाचल में भी भाजपा की सरकार बनेगी। कुटलैहड़ से भाजपा के प्रत्याशी देवेंद्र भुट्टो को भारी मतों से जिताएं,मान सम्मान की जिम्मेदारी हमारी, विपक्ष नेता जयराम ठाकुर ने कहा कि बीते पांच वर्षो में कुटलैहड़ का नेतृत्व कर रहे मंत्री वीरेंद्र कंवर ने जो कुछ कुटलैहड़ के लिए मांगा हमने दिया है। फिर चाहे बंगाणा में मिनी सचिवालय की बात हो या फिर दो सौ करोड़ से पेयजल योजनाओं की स्वीकृति हो। ठाकुर ने कहा कि कुटलैहड़ के भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुमार भुट्टो को भारी मतों से जिताकर विधान सभा भेजो। आगे कुटलैहड़ को मान सम्मान देने की जिम्मेदारी हमारी है। हम कुटलैहड़ को वही पुराने विकास के पथ पर लाकर खड़ा करने का प्रयास करेंगे। यह रहे मौजूद, इस मौके पर विधायक सतपाल सिंह सत्ती, प्रो राम कुमार, जिलाध्यक्ष बलबीर चौधरी, जिला परिषद उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, बलराम बबलू, हर्ष कौशल, प्रधान विजय शर्मा, प्रधान महिंद्र सिंह,भाजपा नेत्री संतोष सैनी,भाजपा नेता राजेंद्र मलांगड़, विजय मलांगड़ के अलावा जिला के सभी भाजपा नेता मौजूद रहे।
