पंजाब के कुराली में केमिकल फैक्ट्री में लगी आग, हो रहे हैं धमाके
शि. प. , मोहाली, पंजाब के जिला मोहाली के कुराली फोकल प्वाइंट स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से आठ लोग बुरी तरह झुलस गए हैं इनमें से तीन को मोहाली रेफर किया गया है जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। अन्य पांच को कुराली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मोहाली व रोपड़ जिला की हेल्थ टीमों को मौके पर भेज दिया गया है। आग लगने के कारण पूरे आसमान में धुएं के बदल छा गए हैं। आग बुझाने के लिए लगभग 24 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी है। फैक्ट्री के अंदर से धमाकों की आवाज़ लगातार आ रही है। पूरे क्षेत्र में आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ महसूस की जा रही है। इस केमिकल फैक्ट्री के आसपास और भी अनेकों फैक्ट्रियां हैं जिनमें आग लगने का खतरा बना हुआ है। इसलिए आग बुझाने के लिए मोहाली से भी विशेष केमिकल मंगाया गया है। बताया जा रहा है कि दोपहर लगभग 1:30 बजे भी आग बुझाने के दौरान फैक्ट्री में दो धमाके हुए हैं। माना जा रहा है कि यह धमाके केमिकल से भरे ड्रम के फटने से हुए हैं। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर अन्य फैक्ट्रियों के मजदूरों को भी बाहर निकालना शुरू कर दिया है।
