आईएनडीआई गठबंधन की हकीकत शीघ्र जनता के सामने आएगी: अनुराग ठाकुर
अजय कुमार, ऊना, केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने द्वारा अपने एक दिवसीय ऊना दौरे के दौरान जिला मुख्यालय के साथ लगती पंचायत मलाहत में बन रहे पीजीआई सैटलाइट सेंटर के निर्माण कार्य का जायजा लिया और अधिकारियों को कार्य से संबंधित उचित दिशा निर्देश दिए। इसके उपरांत वे साथ लगते कस्बे मैहतपुर पहुंचे जहां उन्होंने ट्रक यूनियन के पदाधिकारी के साथ बैठक की। केंद्रीय मंत्री ने ट्रक ऑपरेटरों को आ रही समस्याओं की जानकारी ली व उनके समाधान का आश्वासन भी दिया। अनुराग ठाकुर ने एस डी कॉलेज भटोली में युवा उत्सव में भी भाग लिया और छात्रों के साथ चर्चा की। पत्रकारों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि पीजीआई सैटलाइट सेंटर के निर्माण कार्य में विलंब हुआ है और अब यह कार्य तेजी से अपनी गति पकड़ चुका है। उन्होंने कहा कि ओपीडी ब्लॉक बनने की तैयारी भी शुरू हो गई है व अन्य भावनाओं के कार्य भी प्रगति पर है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आने वाले समय में 340 बिस्तरों का सभी सुविधाओं से लैस अस्पताल जनता को मिलने वाला है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले 12 से 15 महीनों के बाद यह सैटलाइट सेंटर न केवल ऊना बल्कि हिमाचल के बहुत सारे जिलों के लोगों को चंडीगढ़ पीजीआई में मिलने वाला इलाज उपलब्ध करवाएगा। इसके अलावा ऊना के साथ लगते पंजाब के क्षेत्रों के लोग भी इस सैटलाइट सेंटर का लाभ उठा पाएंगे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि यहां हर प्रकार की सुविधा होगी जिसमें ओपीडी के साथ साथ ओटी, स्पेशलिटी वार्ड सहित अन्य हर प्रकार की सुविधा यहां उपलब्ध होगी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के लेट होने के कई कारण है जिसमें पानी, बिजली के अलावा राज्य सरकार तथा केंद्र सरकार के अनेक विभागों से एनओसी व अन्य परमिशन लेना है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि अब काम तेजी पकड़ चुका है व उम्मीद है कि 2025 तक इस का निर्माण कार्य समाप्त कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आईएनडीआई गठबंधन एक घमंड और अहंकार का गठबंधन है इसमें न तो कोई नेता है न नीति है और न ही नियत है। इसमें शामिल सभी दलों के नेताओं के अपने-अपने स्वार्थ है और उनके स्वार्थ अब आपस में टकराने भी लगे हैं। अलग-अलग सोच और विचारधारा के यह दल पंजाब, बंगाल ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों में भी इनका आपसी टकराव देखा जाने लगा है। आने वाले चंद दिनों में ही उनकी हकीकत जनता के सामने आ जाएगी।
