February 13, 2026

दिल्ली की जनता झूठे व्यक्ति को जान गई है: अमित शाह

नई दिल्ली: आज बिजवासन विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली को शराब माफियाओं, घोटालेबाजों और कट्टर बेईमानों से मुक्त करने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि 10 साल तक आम आदमी पार्टी और केजरीवाल ने जनता को धोखा देने का काम किया है। कनेक्टिविटी के नाम पर ऐसी सड़कें दीं कि सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क, ये पता ही नहीं चलता। पाइप के माध्यम से ये प्रदूषित पानी भेजने का काम कर रहे हैं। मोहल्ला क्लीनिक के नाम पर 65,000 फर्जी टेस्ट कराने का घोटाला इन्होंने किया।

अमित शाह ने कहा कि बारिश में आधी दिल्ली तालाब बन जाती है। केजरीवाल पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि इन्होंने अपना कोई भी वादा पूरा नहीं किया। इसलिए आज इनके 50 प्रतिशत से ज्यादा विधायक इन्हें छोड़ चुके हैं। केजरीवाल जी, आपके यहां ये भगदड़ क्यों मची है? शाह ने कहा कि आज मैं नई दिल्ली वालों की ओर से आपको बताने आया हूं कि वहां केजरीवाल स्वयं चुनाव हार रहे हैं। दिल्ली की जनता इस झूठे व्यक्ति को जान गई है।

भाजपा नेता ने अपना हमला जारी रखते हुए कहा कि अन्ना हजारे के आंदोलन के दौरान केजरीवाल कहा था कि हम राजनीतिक पार्टी नहीं बनाएंगे, लेकिन इन्होंने पार्टी बनाई। इन्होंने कहा था कि हम गाड़ी नहीं लेंगे, लेकिन गाड़ी ली, इन्होंने कहा था कि सिक्योरिटी नहीं लेंगे, लेकिन सिक्योरिटी ली, इन्होंने कहा था कि बंगला नहीं लेंगे, लेकिन इन्होंने अपने लिए 52 करोड़ रुपये का 50 हजार गज का शीश महल बना लिया।

शाह ने कहा कि केजरीवाल ने घोटालों की भरमार कर दी। हजारों करोड़ का शराब घोटाला किया और मंदिर, स्कूल, गुरुद्वारे के पास शराब की दुकानें खोल दी। 28,400 करोड़ का जल बोर्ड का घोटाला किया। 4,500 करोड़ का डीटीसी बस घोटाला किया। 1,300 करोड़ का क्लास रूम घोटाला किया। 571 करोड़ का सीसीटीवी घोटाला किया और 65,000 नकली टेस्ट का घोटाला किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़कर आए केजरीवाल स्वयं भ्रष्टाचार की मूर्ति बन गए और बड़े मियां-छोटे मियां दोनों शराब घोटाले में जेल गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *