चुनाव में कैश कैरी करने की लिमिट 2 लाख की जाए: नरिंदर सग्गू
एक मंच पर आए जालंधर के उद्योगपतियों ने उठाई मांग
जालंधर - आज फोकल प्वाइंट एक्सटेंशन एसोसिएशन, उद्योग नगर मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन व यूनाइटेड फोरम एसोसिएशन द्वारा संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पदाधिकारियों ने लोकसभा चुनाव को लेकर कई मुद्दों पर विचार विमर्श किया। फोकल प्वाइंट एक्सटेंशन एसोसिएशन के प्रधान नरिंदर सिंह सग्गू ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार आचार संहिता के दौरान एक व्यक्ति 50 हजार कैश ही कैरी कर सकता है लेकिन कारोबारी इस लिमिट में वृद्धि चाहते हैं। कम से कम 2 लाख रुपए लिमिट की जाए ताकि कारोबारियों को दिक्कत न आए। सग्गू ने कहा कि एक तरफ उम्मीदवारों की खर्चा लिमिट 60 से 95 लाख कर दी गई है तो फिर कारोबारियों की भी कैश रखने की लिमिट बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक आम रेहड़ी फड़ीवाला भी शाम को खरीद बेच करने के उपरांत घर जाता है तो उसके पास इससे ज्यादा रकम होती है और उसका हिसाब भी नहीं होता, कारोबारियों को तो रोज अपने कारोबार के लिए कैश की जरूरत होती है। इसलिए केंद्र एवं पजाब सरकार से अनुरोध है कि कैश रखने की लिमिट को 2 लाख किया जाए।
इस अवसर पर उद्योग नगर मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के प्रधान तेजिंदर सिंह, नितिन कपूर, राजीव मित्तल, राजीव गुप्ता, अनिल मेहता, सुनील धवन, अरविंद गुप्ता, पुनीत गुप्ता, डा. राजन चोपड़ा, विवेक गुप्ता व अन्य उद्योगपति उपस्थित थे।
