February 15, 2026

करीब 11 दिनों से बंद चल रहे हाईवे को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया है

शिमला : हिमाचल प्रदेश में कुल्लु जिले में औट-बंजार सैंज राष्ट्रीय राजमार्ग-305 से एनएच अथॉरिटी ने बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। आनी की तरफ से एनएच अथॉरिटी का बुलडोजर 10,280 फुट ऊंचे जलोड़ी दर्रा पहुंच गया है। करीब 11 दिनों से बंद चल रहे हाईवे को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया है।
इससे बाह्य सराज के लोगों को जिला मुख्यालय आने में बड़ी राहत मिली है। बंजार की तरफ से घियागी से बर्फ हटाओ अभियान शुरू किया गया। सोझा तक छोटे वाहनों के लिए एनएच को बहाल कर दिया है। हाईवे से बर्फ हटाने के लिए एनएच ने स्नो कटर, जेसीबी और डोजर की तैनाती कर रखी है। छह दिनों तक भारी बर्फबारी होने से दर्रा में अभी भी करीब 120 सेंटीमीटर बर्फ की मोटी परत जमी है।
भारी बर्फबारी के बाद भी कई जरूरतमंद लोगों ने बर्फ में घियागी से खनाग तक करीब 15 किमी का पैदल सफर किया है। जलोड़ी दर्रा बंद होने से आनी-निरमंड की 69 पंचायतों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। भले ही एनएच ने आनी से जलोड़ी और बंजार से सोझा तक हाईवे को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया है लेकिन सवारियों को कुल्लू आने-जाने के लिए पांच किलोमीटर पैदल सफर करना पड़ेगा। एचआरटीसी की पांच बसें भी 11 दिनों से अलग-अलग जगहों पर फंसी हैं। एनएच अथॉरिटी का कहना है कि मौसम ने साथ दिया तो एक सप्ताह में हाईवे-305 छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया जाएगा।
एनएच अथॉरिटी के अधिशासी अभियंता केएल सुमन ने बताया कि हाईवे को बहाल करने के लिए दोनों तरफ से मशीनरी तैनाती कर बर्फ को हटाने का काम शुरू कर दिया है। शुक्रवार को खनाग से जलोड़ी दर्रा तक छोटे वाहनों के लिए खोल दिया है। अब सोझा से जलोड़ी दर्रा के बीच से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। मौसम साथ देता है तो जल्द ही हाईवे को खोला जाएगा।
अटल टनल रोहतांग बनने के बाद लाहौल-स्पीति पुलिस के कामकाज के साथ उनकी मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल, सिस्सू, नर्सरी क्षेत्र और कोकसर में रोज हजारों की संख्या में पर्यटक आते हैं। ऐसे में लाहौल-स्पीति पुलिस को कठिन परिस्थितियों के बीच सर्द मौसम और बर्फीली हवाओं के बीच ट्रैफिक नियंत्रण के साथ कई समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। इन दिनों टनल के आसपास दिन के समय में भी कड़ाके की ठंड है। शीतलहर के साथ यहां तापमान माइनस से नीचे चल रहा है। रात के समय में सिस्सू क्षेत्र का तापमान माइनस 20 से लेकर 27 डिग्री तक नीचे लुढक़ रहा है। पुलिस जवान ऐसे हालात में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी भी जवानों का हौसला बढ़ा रहे हैं। बर्फ के बीच सेवा दे रहे जवानों का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। तांदी पंचायत के पूर्व प्रधान सुरेश कुमार ने कहा कि लाहौल-स्पीति पुलिस अधीक्षक एक मिलनसार अधिकारी हैं। श्री चौधरी ने कहा कि घाटी में आने वाले पर्यटकों के साथ लाहौल के जरूरतमंद लोग की सुरक्षा के लिए पुलिस मुस्तैद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *