March 14, 2026

निर्वाचन विभाग ने दिव्यांग तथा 85 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाताओं के लिए मतदान केन्द्रों पर विशेष व्यवस्था की है

चंडीगढ़/ हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव-2024 के दौरान निर्वाचन विभाग ने दिव्यांग तथा 85 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाताओं के लिए मतदान केन्द्रों पर विशेष व्यवस्था की है जिससे कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग सुविधा पूर्वक कर सकें। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए पोलिंग स्टेशनों पर रैंप, व्हील चेयर, लाने व ले जाने की व्यवस्था, मेडिकल किट इत्यादि सुविधाओं के अलावा उनके साथ एनसीसी एवं एनएसएस के स्वयंसेवकों को तैनात किया जाएगा।

आयोग ने दिव्यांग मतदाताओं के लिए चुनावों से संबंधित जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से सक्षम ऐप भी बनाया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग की चुनावों में अहम भूमिका रहती है। प्रदेश में अधिकांश पोलिंग स्टेशन स्कूलों में ही बनाए गए हैं। अध्यापक स्कूलों में बच्चों को चुनाव प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दें और उन्हें अपने अभिभावकों के साथ-साथ अन्य लोगों को मतदान के लिए जागरूक करने को कहें। मतदान के दिन जब उनके अभिभावक वोट डालने आते हैं तो वे भी साथ आएं और सेल्फी लेकर इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड करें। उन्होंने कहा कि मतदाता अपने जहन में रखें कि हम भारत के मतदाता हैं, भारत के लिए मतदान करें। लोकतंत्र से सजा भारत, मतदान करने जाएंगे। न पक्षपात, न भेदभाव, हम भारत के निर्माता हैं और मतदान करने आएंगे भारत के लिए। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने कहा है कि लोकसभा आम चुनाव 2024 के मद्देनजर चुनाव प्रक्रिया दौरान आदर्श चुनाव आचार संहिता का सही मायने में पालन हो, इसके लिए राजनीतिक पार्टियों व चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के राजनीतिक विज्ञापनों, पेड न्यूज़ व फेक न्यूज़ पर पैनी नजर रखने व इनके सर्टिफिकेशन अनुमति प्रदान करने के लिए राज्य स्तर पर व जिला स्तर पर मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमेटी (एमसीएमसी) गठित की गई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी राज्य स्तरीय मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमेटी के अध्यक्ष होंगे, जबकि भारत के चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त एक पर्यवेक्षक, सूचना, लोक संपर्क, भाषा व संस्कृति विभाग के महानिदेशक श्री मंदीप सिंह बराड़, पीआईबी/बीओसी, चंडीगढ़ की संयुक्त निदेशक सुश्री संगीता जोशी, भारतीय प्रेस परिषद के श्री गुरिंदर सिंह, सूचना, लोक संपर्क, भाषा व संस्कृति विभाग के अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) श्री विवेक कालिया तथा संयुक्त निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा राजकुमार इस कमेटी के सदस्य मनोनीत किए गए हैं। यह कमेटी किसी भी राजनीतिक पार्टी, उम्मीदवार या किसी अन्य व्यक्ति को विज्ञापनों के संबंध में सर्टिफिकेशन प्रदान करने या अस्वीकार करने के संबंध में की गई अपील पर निर्णय लेगी। ऐसी अपीलों पर निर्णय केवल मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में गठित कमेटी द्वारा ही लिया जाएगा।

इसी प्रकार भारत के चुनाव आयोग द्वारा जारी निर्देशानुसार राज्य स्तर पर सर्टिफिकेशन कमेटी का भी गठन किया गया है जिसमें अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा हेमा शर्मा को अध्यक्ष, हारट्रोन के निदेशक श्री यश गर्ग, हारट्रोन के उप महाप्रबंधक (पी एंड ए) निर्मल प्रकाश तथा पीआईबी, चंडीगढ़ के उप निदेशक हर्षित नारंग को कमेटी का सदस्य मनोनीत किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *