February 23, 2026

2030 तक पूरा होगा चांद पर रहने का सपना! नासा बना रहा घर

नई दिल्ली: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा चांद पर बड़े स्तर पर मिशन की तैयारी कर रहा है। अपने आर्टेमिस मिशन के तहत नासा 1972 के बाद फिर से चांद पर इंसानों को भेजने की तैयारी कर रहा है। लेकिन इस बार नासा का प्लान है कि वहां लंबे समय तक अंतरिक्ष यात्री रुक पाएं, जिससे ज्यादा खोज की संभावनाएं पता लगाई जा सकें।
इसलिए नासा चांद पर एक घर बनाने की तैयारी कर रहा है, जिसमें एस्ट्रोनॉट रह सकें। नासा की ओर से साझा की गईं प्रांरभिक जानकारी के अनुसार अंतरिक्ष यात्री चंद्रमा की यात्रा के दौरान तीन मंजिला “इन्फ्लेटेबल” अंतरिक्ष घर के अंदर रह सकते हैं। नासा की योजना है कि इस आवास को 2030 तक चांद पर स्थापित कर लिया जाए।

इसके बाद आर्टेमिस मिशन के तहत चांद की सतह पर जाने वाले अंतरिक्ष यात्री 2030 के दशक तक विशालकाय पॉड के अंदर सो सकते हैं। हालांकि नासा ने अब तक लूनर सरफेस हैबिटेट के लिए फाइनल डिजाइन की पुष्टि नहीं की है, लेकिन उसकी ओर से जारी की गईं शुरूआती तस्वीरों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह खास अंतरिक्ष घर कैसा दिख सकता है। नासा की योजना है कि अंतरिक्ष यात्री लूनर गेटवे नामक एक परिक्रमा करने वाले अंतरिक्ष स्टेशन पर डॉक करेंगे और फिर मिशन के लिए चंद्रमा पर उतरेंगे। नासा के पॉल केसलर ने 2022 में कहा था, ‘नासा वर्तमान में चांद की सतह पर चालक दल के मिशन के लिए कॉन्सेप्ट पर काम कर रहा है, जिसके तहत निरंतर मिशन पर जाने वाले यात्री 30 दिन या उससे अधिक अवधि के लिए वार्षिक आधार पर वहां रह सकेंगे।’

उन्होंने बताया कि अंतरिक्ष यात्रियों को आवास और सहायता प्रदान करने के लिए, नासा चांद की सतह पर आवास बनाने के लिए उपयोगों की खोज कर रहा है। इससे चांद पर लंबे समय तक रहने में मदद मिलेगी, जिससे और अधिक खोज की जा सकेंगी और चांद के बारे में इंसानों को नई जानकारी मिल पाएगी, खासकर उसके दक्षिणी ध्रुव के बारे में।
जानकारी के अनुसार नासा जिस घर की डिजाइन पर काम कर रहा है, वह तीन मंजिला संरचना होगी, जिसमें ऊपरी भाग इन्फ्लेटेबल होगा। इस आवास में जीने के लिए जरूरी सभी वस्तुएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह मंगल ग्रह पर भविष्य के आवास के लिए एक परीक्षण-स्थल के रूप में भी काम कर सकता है। संरचना के निचले डेक पर एक एल्यूमीनियम डॉक भी होगा।

नासा ने कहा कि इस आवास में कम समय के लिए सतह पर चार क्रू सदस्यों को रखा जा सकता है। पहले स्तर पर एयरलॉक एक्सेस के साथ-साथ एक वर्क बेंच, कंप्यूटर स्टेशन और स्पेससूट पोर्ट तक पहुंच होगी। इसमें निजी क्रू क्वार्टर, स्टोरेज, एक गैली किचन और एक स्टोवेबल बेड के साथ एक मेडिकल क्षेत्र भी शामिल होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *